
पेट्रोल-डीजल के बाद अब सरकार ने गुरुवार से 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में भी बढ़ोतरी की है। अब आपको इस सिलेंडर पर 25.50 रुपए ज्यादा चुकाने होंगे। विदिशा में अब गैस सिलेंडर के दाम 823 रुपए से बढ़कर 848.50 रुपए हो गए हैं। विदिशा में इस साल जनवरी में एलपीजी गैस सिलेंडर का दाम 708 रुपए था।
वहीं पिछले एक साल से उपभोक्ताओं के खाते में सिर्फ 3 रुपए 19 पैसे रुपए सब्सिडी आ रही है। विदिशा गैस एजेंसी के संचालक विवेक ठाकुर ने बताया कि विदिशा में इस साल 1 जनवरी को एलपीजी गैस सिलेंडर का दाम 708 रुपए था। 1 जुलाई को ये कीमत 848.50 रुपए है। यानी कि इस साल 140.50 रुपए घरेलू गैस सिलेंडर का दाम बढ़ गया है।
4 फरवरी को दाम बढ़ाकर 733 रुपए प्रति सिलेंडर किया गया। इसके बाद 15 फरवरी को दाम 783 रुपए और 25 फरवरी को दाम 808 रुपए कर दिए गए। एक मार्च को सिलेंडर का दाम 833 रुपए कर दिया गया। अप्रैल में 10 रुपये की कटौती की गई है। इसके बाद अब 1 जुलाई को दाम 848.50 रुपए कर दिया गया है।
7 सालों में गैस सिलेंडर की कीमत दोगुनी हुई
विदिशा जिले में पिछले 7 सालों में घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) की कीमत दोगुनी होकर 848.50 रुपए प्रति सिलेंडर हो गई है। 1 मार्च 2014 को 14.2 किलो के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 423.5 रुपए थी जो अब 848.50 रुपए है।