Thursday, September 25

महंगाई की मार:घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 25 रुपए महंगा हुआ, दिल्ली में बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर का दाम बढ़कर 834.50 रुपए हुआ

पेट्रोल-डीजल के बाद अब सरकार ने 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में भी बढ़ोतरी की है। अब आपको इस सिलेंडर पर आज से 25.50 रुपए ज्यादा चुकाने होंगे। राजधानी दिल्ली में अब बिना सब्सिडी वाले घरेलू LPG सिलेंडर के दाम 809 रुपए से बढ़कर 834.50 रुपए हो गए हैं। इसी तरह, देश के अलग-अलग शहरों में आज से नई कीमत लागू हो गई है। दिल्ली में इस साल जनवरी में LPG सिलेंडर का दाम 694 रुपए था।

प्रमुख शहरों में घरेलू LPG गैस सिलेंडर की कीमत

शहरदाम (रुपए में)
दिल्ली834.50
मुंबई834.50
कोलकाता861.00
चेन्नई850.50

इस साल 138.50 रुपए महंगा हुआ गैस सिलेंडर
दिल्ली में इस साल 1 जनवरी को LPG सिलेंडर का दाम 694 रुपए था। 1 जुलाई को ये कीमत 834 रुपए है। यानी कि इस साल 138 रुपए घरेलू गैस सिलेंडर का दाम बढ़ गया है। 4 फरवरी को दाम बढ़ाकर 719 रुपये प्रति सिलेंडर किया गया। इसके बाद 15 फरवरी को दाम 769 रुपए और 25 फरवरी को दाम 794 रुपये कर दिए गए। एक मार्च को सिलेंडर का दाम 819 रुपए कर दिया गया। अप्रैल में 10 रुपये की कटौती की गई है। इसके बाद अब जुलाई में दाम 834.50 रुपए कर दिया गया है।

हर महीने की पहली तारीख को तय होते हैं दाम
सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को गैस सिलेंडर के दामों की समीक्षा करती हैं। इसके बाद दाम घटाने या बढ़ाने या स्थिर रखने का फैसला लेती हैं। इससे पहले जून महीने में सरकार ने 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 122 रुपए कटौती की थी।

पिछले 7 सालों में गैस सिलेंडर की कीमत दोगुनी हुई
पिछले 7 सालों में घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) की कीमत दोगुनी होकर 834.50 रुपए प्रति सिलेंडर हो गई है। 1 मार्च 2014 को 14.2 किलो के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 410.5 रुपए थी जो अब 834.50 रुपए है।

पेट्रोल-डीजल भी निकाल रहे असम आदमी का दम
राजधानी दिल्ली में जून में पेट्रोल 4 रुपए 58 पैसे और डीजल 4 रुपए 02 पैसे महंगा हो चुका है। वहीं इस साल की बात करें तो 1 जनवरी को पेट्रोल 83.97 और डीजल 74.12 पर था, जो अब 98.81 और 89.18 रुपए प्रति लीटर पर है। यानी 6 महीनो में ही पेट्रोल 14.84 और डीजल 14.77 रुपए महंगा हुआ है।