
देश में शुक्रवार को कोरोना के 48,618 नए संक्रमितों की पहचान हुई। इस दौरान 64,524 लोगों ने कोरोना को मात दी लेकिन 1182 लोगों की मौत हो गई। वहीं एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे संक्रमितों की संख्या में 17,101 की कमी रिकॉर्ड की गई है।
देश में कोरोना के काबू होते हालात के बीच चिंता की बात यह है कि 10 राज्यों में अब भी संक्रमण दर 5% से ज्यादा बनी हुई है। यानी इन राज्यों में अब भी हर 100 टेस्ट पर 5 से ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। इनमें सिक्किम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, केरल, नगालैंड, गोवा, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 48,618
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 64,524
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 1182
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.01 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 2.91 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 3.94 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 5.90 लाख
10 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 10 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
21 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियां के साथ छूट भी है। इनमें केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।
तेलंगाना पूरी तरह लॉकडाउन हटाने वाला पहला राज्य
इस बीच तेलंगाना सरकार ने राज्य में 20 जून से लॉकडाउन को पूरी तरह से हटा दिया है। देश में महामारी के बीच पाबंदियों को पूरी तरह हटाने वाला यह पहला राज्य बन गया है। यहां 1 जुलाई से स्कूल भी खोल दिए जाएंगे।
कोरोना अपडेट्स
- डेल्टा प्लस वैरिएंट को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने शुक्रवार देर शाम 8 राज्यों को चिट्ठी लिखकर जांच और जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए सैंपल भेजने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही राज्यों से यह भी कहा गया है कि जिन जिलों में डेल्टा प्लस के केस मिले हैं, वहां तत्काल प्रभाव से कंटेनमेंट जोन बनाए जाएं।
- स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जिन 8 राज्यों को चिट्ठी लिखी गई है उसमें राजस्थान, कर्नाटक, पंजाब, झारखंड, हरियाणा, गुजरात, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु शामिल हैं।
- इससे पहले ICMR के डीजी डॉ. बलराम भार्गव ने बताया कि डेल्टा प्लस वैरिएंट अभी 12 देशों में मौजूद है। देश में अब तक 11 राज्यों में 50 मामलों की पहचान की गई है।