Tuesday, September 23

कोरोना देश में:बीते दिन 50,784 केस आए, 68,529 ठीक हुए और 1359 की मौत; 9 राज्यों में अब भी रोजाना एक हजार से ज्यादा केस आ रहे

देश में मंगलवार को कोरोना के 50,784 मामले सामने आए। इस दौरान 68,529 लोग ठीक हुए और 1,359 लोगों की मौत हो गई। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 19,122 की कमी आई। इसके साथ ही देश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 3 करोड़ के पार पहुंच गया है।

कोरोना के काबू होते हालात के बीच 9 राज्यों में अब भी रोजाना एक हजार से ज्यादा केस आ रहे हैं। इनमें महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तेलंगाना और असम शामिल हैं। केरल में तो यह आंकड़ा 12 हजार से भी ज्यादा है।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 50,784
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 68,529
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 1359
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 2.89 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 3.90 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 6.38 लाख

10 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 10 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

21 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियां के साथ छूट भी है। इनमें केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

तेलंगाना पूरी तरह लॉकडाउन हटाने वाला पहला राज्य
इस बीच तेलंगाना सरकार ने राज्य में 20 जून से लॉकडाउन को पूरी तरह से हटा दिया है। देश में महामारी के बीच पाबंदियों को पूरी तरह हटाने वाला यह पहला राज्य बन गया है। यहां 1 जुलाई से स्कूल भी खोल दिए जाएंगे।

कोरोना अपडेट्स

  • देश में मंगलवार को 53.40 लाख लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई। एक दिन पहले सोमवार को रिकॉर्ड 86 लाख से ज्यादा लोगों को टीका लगाया गया था। बीते दिन सबसे ज्यादा 7.96 लाख डोज उत्तर प्रदेश में दिए गए। हालांकि, सबसे ज्यादा हैरान करने वाला आंकड़ा मध्य प्रदेश का है। मध्य प्रदेश ने सोमवार को 16.95 लाख लोगों को टीका लगाने का रिकॉर्ड बनाया था। cowin.gov.in पर दिए डेटा के मुताबिक, मंगलवार को यहां सिर्फ 4,825 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।
  • भारत में अमेरिकी कंपनी फाइजर की वैक्सीन जल्द आ सकती है। कंपनी के CEO अल्बर्ट बौर्ला का कहना है कि वैक्सीन को भारत में मंजूरी मिलने की प्रक्रिया फाइनल स्टेज में है। मुझे उम्मीद है कि हम सरकार के साथ जल्द ही एक समझौते को अंतिम रूप देंगे।
  • कोरोना के कम होते मामलों के बीच विशेषज्ञों का मानना है कि डेल्‍टा प्‍लस वैरिएंट देश में कोरोना की तीसरी लहर का कारण बन सकता है। हेल्थ सेक्रेटरी राजेश भूषण ने बुधवार को कहा कि यह वैरिएंट दुनिया के 9 देशों में है। भारत में अब तक डेल्टा प्लस वैरिएंट के 22 मामले सामने आए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 16 महाराष्ट्र के रत्नागिरी और जलगांव से हैं। बाकी के केस मध्य प्रदेश और केरल से हैं।