Tuesday, September 23

तेंदुए का भय:ग्रंट गांव में दिखे तेंदुए के पद चिन्ह, पिंजरों के पास नहीं आया

उदयगिरी के पास बना है मूवमेंट, वन विभाग को दे रहा है चकमा

रात में पिंजरों के पास तेंदुआ नहीं आया लेकिन रविवार शाम को ग्रंट गांव के पास एक खेत में देखा गया। ग्रंट के किसान लल्लू कुशवाह ने वन विभाग को खेत के पास तेंदुआ के घूमने की जानकारी दी थी। रविवार शाम को करीब 4 बजे उन्होंने खेत पर तेंदुए को देखा था। जानकारी मिलने के बाद जब वन विभाग की टीम गई तो जानकारी सही पाई गए। तेंदुए के पद चिन्ह खेत पर देखे गए। इससे पहले शनिवार-रविवार की रात में वन विभाग की टीम उदयगिरि के पास तैनात रही। डीएफओ राजवीरसिंह ने बताया कि गोशाला क्षेत्र के आसपास दो पिंजरे रखे गए हैं। यहां पर तेंदुआ रात में नहीं आया लेकिन रविवार दोपहर में उसके सक्रिय होने की सूचना मिली थी। इसलिए जब तक ये साफ नहीं हो जाता कि तेंदुआ यहां से चला गया है तब तक उसे पकड़ने के लिए पिंजरे रखे रहेंगे। उदयगिरी पहाड़ी के पीछे 6 दिनों से तेंदुए का मूवमेंट है। गोशाला में तेंदुआ गाय, कुत्ते और एक बछड़े पर हमला कर चुका है।

आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल
तेंदुए की सक्रियता से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं उदयगिरि पंचायत ने अपने क्षेत्र के तीनों गांवों में सुरक्षित रहने की सूचना ग्रामीणों को दी है। सूचना में बताया गया है कि जब तक तेंदुआ सक्रिय है तब तक रात में लोग बाहर न निकलें। इससे खतरा पैदा हो सकता है।