
देश में शुक्रवार को 84,522 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस दौरान 3,996 लोगों की संक्रमण की वजह से मौत हुई। राहत की बात यह रही कि पिछले 24 घंटे में 1 लाख 22 हजार 592 लोगों ने कोरोना को मात दी। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे लोगों की संख्या में 42,085 की कमी रिकॉर्ड की गई। नए संक्रमितों का आंकड़ा पिछले 71 दिनों में सबसे कम है। इससे पहले 1 अप्रैल को 81,398 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई थी।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 84,061
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 1.21 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,987
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.93 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 2.79 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 3.67 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 10.76 लाख
12 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 12 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
20 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।
अपडेट्स
- हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने बताया कि 15 तारीख से हम राज्य में सीरो सर्वे कराने जा रहे हैं। इससे हमें पता लगता है कि कितने प्रतिशत जनता में एंटीबॉडी बन चुकी है। भविष्य के लिए योजना बनाने में इससे मदद मिलेगी। इस बार के सीरो सर्वे मे 6 साल से ऊपर के बच्चों को भी शामिल किया जाएगा।
- तमिलनाडु में और अधिक ढील के साथ लॉकडाउन 21 जून तक बढ़ा दिया गया है।