Tuesday, September 23

देश में फिर बढ़े कोरोना के मामले:बीते दिन 2.11 लाख नए केस, 3,841 मौतें; राहत की बात कि 26 राज्यों में नए संक्रमितों से ज्यादा लोग ठीक हुए

देश में बीते 24 घंटे में 2 लाख 11 हजार 275 नए कोरोना संक्रमित मिले। इनसे ज्यादा, यानी 2 लाख 82 हजार 924 मरीज ठीक हो गए। 3,841 की मौत हुई। थोड़ी चिंता की बात ये है कि दो दिन से नए केस में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इससे पहले 24 मई को 1.95 लाख और 25 मई को 2.08 लाख कोरोना रिपोर्ट्स पॉजिटिव आई थीं।

एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में भी लगातार गिरावट आ रही है। बुधवार को 75,601 एक्टिव केस कम हो गए। देश में अब 24 लाख 15 हजार 7612 मरीजों का इलाज चल रहा है।

इन राज्यों में रिकवरी ज्यादा

  • राज्यवार रिकवरी की बात करें, तो बीते दिन देश के 26 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में नए संक्रमितों से ज्यादा लोगों ने कोरोना को मात दी। इनमें कर्नाटक, केरल, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश जैसे राज्य शामिल हैं।
  • इसके अलावा हरियाणा, बिहार, तेलंगाना, पंजाब, असम, झारखंड, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पुडुचेरी, चंडीगढ़, त्रिपुरा, दादरा-नगर हवेली और दमन-दीव, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में नए संक्रमितों से ज्यादा मरीज ठीक हुए।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 2.11 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 2.82 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,841
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.73 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 2.46 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 3.11 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 24.15 लाख

19 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

कोरोना अपडेट्स

  • सूत्रों के मुताबिक, वैक्सीन निर्माता कंपनी फाइजर ने भारत सरकार को बताया कि उसकी कोरोना वैक्सीन 12 और उससे अधिक उम्र के सभी लोगों पर प्रभावी है। इसे एक महीने से ज्यादा समय तक 2-8 डिग्री तापमान पर भी रखा जा सकता है। दोनों के बीच भारत में वैक्सीन लाने से पहले लाइबिलिटीज प्रोटेक्शन पर भी चर्चा हुई।
  • राजस्थान में कोरोना से होने वाली मौतों पर चल रही सियासी बयानबाजी के बीच गहलोत सरकार ने अब महामारी के दौरान हुई सभी मौतों का ऑडिट करवाने का फैसला किया है। इसमें कोरोना से और अन्य वजहों से हुई मौतों का पता लगाया जाएगा और इस पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसके आदेश दे दिए हैं।
  • IIT खड़गपुर ने जॉइंट इंट्रेंस एग्जामिनेशन (JEE) एडवांस्ड 2021 को टाल दिया है। देश भर में कोरोना से बिगड़े हालात के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। ये एग्जाम 3 जून को होने थे। IIT खड़गपुर की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, एग्जाम की नई तारीख का ऐलान सही वक्त पर किया जाएगा।