
देश में कोरोना के केस कम होने का सिलसिला जारी है। बीते 24 घंटे में 2 लाख 76 हजार 59 नए संक्रमितों की पहचान हुई। 3 लाख 68 हजार 788 मरीज ठीक हुए, जबकि 3,876 लोगों की मौत हो गई। यह लगातार सातवां दिन था जब नए मरीजों से ज्यादा ठीक होने वालों का आंकड़ा रहा। बुधवार को एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 96,647 की कमी हुई। अब 31 लाख 25 हजार 140 मरीजों का इलाज चल रहा है। 11 दिन पहले 9 मई को यह आंकड़ा 37.41 लाख के पीक पर पहुंच गया था।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 2.76 लाख
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.68 लाख
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,876
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.57 करोड़
अब तक ठीक हुए: 2.23 करोड़
अब तक कुल मौतें: 2.87 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 31.25 लाख
19 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।
अपडेट्स
- जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जिला अधिकारियों को राज्य की हर पंचायत में एक कोविड केयर सेंटर खोलने का निर्देश दिया है। इस सेंटर में 5 लोगों को भर्ती करने की व्यवस्था होगी। इस काम के लिए उन्होंने हर जिले के लिए 1 लाख रुपए मंजूर किए हैं।
- कोरोना संक्रमण के बीच आर्मी के दक्षिणी नेवल कमांड के डाइविंग स्कूल ने ऑक्सीजन रिसाइकिलिंग सिस्टम (ORS) का एक डिजाइन तैयार किया है। यह ऑक्सीजन की समस्या से निजात दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसे लेफ्टिनेंट कमांडर मयंक शर्मा ने तैयार किया है। इसका पेटेंट भी करवा लिया गया है।
- दिल्ली सरकार की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, यहां पॉजिटिविटी रेट गिरकर 5.78 % तक पहुंच गया है। 22 अप्रैल को पॉजिटिविटी रेट सबसे ज्यादा 36.2% था। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली में स्थिति में काफी सुधार हो रहा है, लेकिन हमारा लक्ष्य पॉजिटिविटी रेट 2% तक लाने का होना चाहिए।