Tuesday, September 23

कोरोना देश में:इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में एक दिन में 30,754 की कमी, इस साल यह सबसे ज्यादा; एक्टिव केस 37 लाख से कम हुए

देश में कोरोना के मामले घटने लगे हैं। पिछले 24 घंटे में 3 लाख 26 हजार 14 मामले सामने आए और 3,876 लोगों की मौत हो गई। राहत की बात यह रही कि इस दौरान 3 लाख 52 हजार 850 लोगों ने कोरोना को मात दी।

इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 30,754 की गिरावट दर्ज कह गई। यह इस साल एक्टिव केस में आंकड़ों में सबसे बड़ी गिरावट है। इससे पहले 10 मई को इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 30,490 की कमी हुई थी।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 3.26 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,876
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.52 लाख
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.43 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 2.04 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 2.66 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 36.69 लाख

18 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 18 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

14 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

कोरोना अपडेट्स

  • कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मध्यप्रदेश में 10वीं बोर्ड की परीक्षा रद्द कर दी गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को बताया कि 10वीं की बोर्ड परीक्षा नहीं होगी। मूल्यांकन के आधार पर मार्कशीट जारी की जाएगी। अगर स्टूडेंट ज्यादा मार्क्स चाहते हैं तो वे आने वाले समय में परीक्षा के लिए बैठ सकते हैं। 12वीं की परीक्षा अभी स्थगित की गई है। हालात सुधरने पर इसके पेपर लिए जाएंगे।
  • केरल में लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने 23 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शुक्रवार को बताया कि तिरुअनंतपुरम, एर्नाकुलम, त्रिशूर और मलप्पुरम में ट्रिपल लॉकडाउन लगाया जाएगा। यहां पॉजिटिविटी रेट काफी ज्यादा है।
  • कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किसानों से अपना आंदोलन रद्द करने की अपील की है। हरियाणा बॉर्डर पर किसान काफी दिनों से कृषि कानूनों के खिलाफ धरने पर बैठे हैं।