
बुधवार से 18 प्लस वाले लोगों के लिए वैक्सीनेशन का काम चालू हो गया है। पहले दिन टीका लगवाने को लेकर युवाओं में काफी उत्साह दिखाई दिया। पहले दिन पुराने जिला अस्पताल में स्थित सिटी हास्पिटल में सुबह 9 से शाम 5 बजे तक 100 लोगों को टीका लगाया गया। अब 6 मई गुरुवार को भी 18 पार वाले 100 लोगों को ही टीका लगाया जाएगा। इसके लिए बुधवार को शाम 6 बजे से कोविन पोर्टन पर आनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू की गई।
इसमें पोर्टल खुलते ही महज 15 मिनट में ही 100 लोगों के रजिस्ट्रेशन का स्लाट बुक हो गया। इससे सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है कि टीका लगवाने को लेकर युवाओं में कितना उत्साह है। बुधवार को 45 प्लस वाले 915 अन्य लोगों को भी टीका लगाया गया। इस प्रकार एक दिन में कुल 1015 लोगों ने कोरोना से बचाव को लिए टीका लगवाया।
धीरे-धीरे बढ़ेगी टीकाकरण की रफ्तार
जिला टीकाकरण अधिकारी डा.डीके शर्मा ने बताया कि टीकाकरण की रफ्तार धीरे-धीरे बढ़ेगी। शासन से प्राप्त निर्देश के अनुसार 6 मई गुरुवार को सिटी हास्पिटल में 100 लोगों को टीका लगाया जाएगा। इसके बाद 8 और 10 मई को 250-250 लोगों को टीका लगाया जाएगा। इसके बाद 12, 13 और 15 मई को रोजाना 360 लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए कोविन पोर्टन पर आनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। 45 प्लस वाले लोगों के लिए इन्हीं तिथियों में सिटी हास्पिटल और शेरपुरा कन्या हायर सेकंडरी स्कूल परिसर में टीकाकरण किया जाएगा।