भोपाल
दिल्ली विधानसभा में आम आदमी पार्टी (आप) की ऐतिहासिक जीत ने पार्टी के लिए संजीवनी का काम किया है। अब तक निष्क्रिय पड़ी ‘आप’ की मध्य प्रदेश इकाई अचानक सक्रिय हो गई है।
पार्टी ने ऐलान किया है कि वह मध्य प्रदेश में पहले कांग्रेस के उठाए गए व्यापमं घोटाले को लेकर पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन करेगी। साथ ही वह उज्जैन में होने वाले नगर निगम चुनाव में भी हिस्सा लेगी। ‘आप’ के प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल के मुताबिक, उनकी पार्टी पूरे प्रदेश में डायलॉग प्रोग्राम चलाएगी। पार्टी कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर उनसे सीधा संवाद करेंगे और उन्हें प्रदेश की बीजेपी सरकार द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार के बारे में जागरूक करेंगे।
पार्टी 2018 के विधानसभा चुनावों को लक्ष्य में रख कर अपना अभियान चलाएगी। दिल्ली में पार्टी को मिली ऐतिहासिक जीत से उत्साहित ‘आप’ के पदाधिकारी बुधवार को भोपाल में मिले। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में आगे की रणनीति पर विचार किया गया। साथ ही यह भी फैसला लिया गया कि राज्य सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जाएगा