
2 दिन बाद एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। आसमान में घने बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश भी होगी। इस दौरान तेज हवा चलेंगी। हवाओं की गति 6 से 12किमी प्रति घंटे तक रहेगी। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
पिछले एक सप्ताह से तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की गिरावट देखी जा रही है। मार्च के आखिरी और अप्रैल के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक पहुंच गया था। उस समय पश्चिम दिशा से हवाओं का दौर शुरू हो गया था।
अब फिर से उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व से हवाएं चल रही हैं। इस संबंध में कृषि महाविद्यालय सीहोर के मौसम वैज्ञानिक डा.एसएस तोमर ने बताया कि उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व की हवाओं के कारण ही मौसम में बदलाव हो रहा है। अगले 24 घंटे में उत्तर दिशा से हवाओं का रुख हो जाएगा। इससे हल्की बारिश होगी।