
लगातार तीसरे दिन सोमवार को 2.50 लाख से ज्यादा नए मरीज मिले। हालांकि, अच्छी बात ये है कि रविवार के मुकाबले इसमें गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे के अंदर देश में 2 लाख 56 हजार 828 लोग संक्रमित पाए गए। रविवार को 1.75 लाख से ज्यादा लोग पॉजिटिव पाए गए थे। पहली बार रिकॉर्ड 1 लाख 54 हजार 234 लोग ठीक भी हुए। इससे पहले एक दिन में सबसे ज्यादा 18 अप्रैल को 1.43 लाख लोग रिकवर हुए थे।
उधर, दुख की बात ये है कि संक्रमण के चलते जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1.80 लाख के पार हो गया। अब तक 1 लाख 80 हजार 550 लोग जान गंवा चुके हैं। हर दिन हो रहीं मौतों के मामले में भारत एक बार फिर से टॉप पर पहुंच गया है। दूसरे नंबर पर ब्राजील और तीसरे पर अमेरिका है। ब्राजील में अभी हर दिन करीब 1,500 लोगों की मौत हो रही हैं, जबकि अमेरिका में यह आंकड़ा 400-600 के बीच रह रहा है। भारत में सोमवार को 1,757 मरीजों की मौत दर्ज की गई।
78.37% नए मरीज देश के 10 राज्यों से मिले
सोमवार को 78.37% यानी 2.01 लाख से ज्यादा मरीजों की पहचान देश के 10 राज्यों में हुई। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 58,924 संक्रमित पाए गए। उत्तर प्रदेश में 28,211, दिल्ली में 23,686, कर्नाटक में 15,785, केरल में 13,644, छत्तीसगढ़ में 13,834, मध्यप्रदेश में 12,897, तमिलनाडु में 10,941, राजस्थान में 11,967, गुजरात में 11,403 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 2.56 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौत: 1,757
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 1.75 लाख
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 1.53 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 1.31 करोड़
- अब तक कुल मौत: 1.80 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 20.24 लाख
UP में लॉकडाउन के आदेश को चुनौती देगी सरकार
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सोमवार को एक बड़ा फैसला किया। अदालत ने उत्तर प्रदेश के 5 बड़े शहरों लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर में 26 अप्रैल तक कम्प्लीट लॉकडाउन लगाने का आदेश दिया है। अब राज्य सरकार ने इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने का फैसला लिया है। सरकार ने कहा कि वह हाईकोर्ट में भी अपना जवाब दाखिल करेगी। राज्य सरकार का कहना है कि वह इन शहरों में सख्ती करेगी, लेकिन लॉकडाउन नहीं लगाएगी, क्योंकि लॉकडाउन से रोजगार पर संकट आएगा।
कोरोना अपडेट्स
- दिल्ली में सोमवार की रात 10 बजे से 26 अप्रैल की सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल के साथ हुई बैठक के बाद इसका ऐलान किया।
- कांग्रेस के सीनियर लीडर और पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती किया गया है।
- जॉनसन एंड जॉनसन ने अपने सिंगल शॉट वैक्सीन के लिए भारत से इंपोर्ट लाइसेंस मांगा है। अमेरिकी कंपनी ने भारत सरकार को तीसरे फेज के ट्रायल की अनुमति के लिए भी लिखा है।
- तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्हें वायरस के हल्के लक्षण हैं। डॉक्टरों ने राव को आइसोलेशन में रहने की सलाह दी है।
- बिहार में छपरा जिले के रिमांड होम में 38 बच्चे कोरोना संक्रमित मिले हैं। इन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।
- पंजाब सरकार ने राज्य के सभी बार, सिनेमाहॉल, जिम, स्पा, स्विमिंग पूल, कोचिंग सेंटर और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 20 अप्रैल से 30 अप्रैल तक बंद रखने के आदेश दिए हैं।
- केरल सरकार ने भी 20 अप्रैल से राज्य में रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू की घोषणा की है। इस दौरान 20 जरूरी सेवाओं को पाबंदी से छूट दी गई है।
- ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने लगातार दूसरी बार अपने भारत दौरे को रद्द कर दिया है। जॉनसन इस हफ्ते रविवार से भारत के चार दिनों के दौरे पर आने वाले थे, लेकिन दिल्ली समेत भारत के कई राज्यो में बढ़ते कोरोना मामलों की वजह से इसे रद्द कर दिया गया। इससे पहले 26 जनवरी पर गणतंत्र दिवस पर जॉनसन बतौर मुख्य अतिथि आने वाले थे, लेकिन कोरोना के चलते उन्हें अपना दौरान रद्द करना पड़ा था।
- ICMR के डायरेक्टर जनरल (DG) डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि कोरोना की इस लहर में ऑक्सीजन की मांग ज्यादा बढ़ी है। हालांकि, अच्छी बात ये है कि पहले फेज और इस फेज में कोरोना से होने वाली मौतों के आंकड़ों में कोई अंतर नहीं आया है। डॉ. भार्गव ने बताया कि गंभीर और ज्यादा समस्याओं वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है। इसके चलते अस्पतालों में ज्यादा भीड़ है।