Wednesday, September 24

कोरोना देश में:अक्टूबर तक होंगी 5 नई वैक्सीन, 10 दिन में रूसी स्पुतनिक-V को मंजूरी संभव; महाराष्ट्र में एक करोड़ का वैक्सीनेशन

देश में कोरोना के बढ़ते मामलों और वैक्सीन संकट के बीच एक राहत देने वाली खबर है। देश को अक्टूबर तक 5 और वैक्सीन मिल सकती है। अलग-अलग फार्मा कंपनियां इसे तैयार कर रहीं हैं। अभी ये सभी वैक्सीन ट्रायल के अलग-अलग फेज में हैं। न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि अगले 10 दिन में केंद्र सरकार रूस की कोरोना वैक्सीन स्पुतनिक-V को इमरजेंसी यूज के लिए मंजूरी दे सकती है।

देश में कोवैक्सिन और कोवीशिल्ड के बाद इमरजेंसी अप्रूवल पाने वाली स्पुतनिक-V तीसरी वैक्सीन होगी। इसके अलावा जॉनसन एंड जॉनसन, जाइडस कैडिला, सीरम इंस्टीट्यूट की नोवावैक्स और भारत बायोटेक की नेजल वैक्सीन को अप्रूवल मिलने की उम्मीद है। पांच नई और दो पुरानी वैक्सीन उपलब्ध होने से राज्यों में वैक्सीन का संकट भी टल जाएगा।

अब तक देश में वैक्सीन के 10 करोड़ डोज दिए गए
भारत ने वैक्सीनेशन के मामले में शनिवार को बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश में अब तक कोरोना की 10 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन लगाई जा चुकी हैं। दूसरे देशों के मुकाबले भारत को ऐसा करने में सिर्फ 85 दिन लगे। इतने वक्त में अमरीका ने 9.2 करोड़ और चीन में 6.14 करोड़ टीके लगे थे। हेल्थ मिनिस्ट्री ने यह जानकारी दी। हालांकि कुल वैक्सीनेशन के लिहाज से देखा जाए तो अमेरिका और चीन भारत से काफी आगे हैं।

पूरे देश में अब तक कुल 10.12 करोड़ डोज लगाए जा चुके हैं। हेल्थ मिनिस्ट्री ने एक बयान में कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों की मिली जुली कोशिशों के कारण भारत में डेथ रेट दुनिया में सबसे कम (1.28%) है।
महाराष्ट्र में एक करोड़ वैक्सीन डोज लगाई गई
महाराष्ट्र देश का पहला राज्य हो गया है जहां वैक्सीन का एक करोड़ डोज लगाया जा चुका है। महाराष्ट्र के हेल्थ सेक्रेटरी प्रदीप व्यास ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1 करोड़ 38 हजार से ज्यादा वैक्सीन का डोज दिया जा चुका है। यहां 16 जनवरी से ही वैक्सीनेशन ड्राइव की शुरुआत हुई थी

दिल्ली में हालात बिगड़ते जा रहे

महाराष्ट्र के बाद अब दिल्ली में भी हालात बिगड़ते जा रहे हैं। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में पिछले 10-15 दिन में कोरोना बहुत तेजी से बढ़ा है, यहां कोरोना की यह चौथी वेव है। पिछले 24 घंटे में 10,732 केस आए हैं, स्थिति बहुत चिंताजनक है। ​हम लॉकडाउन नहीं लगाना चाहते हैं लेकिन शनिवार को सरकार ने मजबूरी में कुछ पाबंदियों के आदेश दिए हैं। इस वक्त का पीक नवंबर से भी खतरनाक है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कोरोना के 65% मरीज 35 साल से कम उम्र के हैं, फिर कोरोना रूकेगा कैसे? कोरोना का चक्र तब ही टूटेगा, जब वैक्सीनेशन होगा। केंद्र सरकार ने बहुत पाबंदियां लगा रखी हैं, मेरा केंद्र से निवेदन है कि वो पाबंदियां हटा दें।

दिल्ली में नई पाबंदियों का ऐलान

  • दिल्ली में बढ़ते के कोरोना मामलों के मद्देनजर नई पाबंदियों का ऐलान कर दिया गया। यह 30 अप्रैल तक लागू रहेंगी। दिल्ली में अब अंतिम संस्कार में अधिकतम 20 और शादी समारोह में 50 लोग ही शामिल हो सकेंगे।
  • रेस्टोरेंट और बार भी अब अपनी सीटिंग कैपेसिटी की 50% क्षमता के साथ काम करेंगे। मेट्रो में भी एक कोच में सीटिंग कैपेसिटी के 50% ही लोग यात्रा कर सकेंगे। बसों में भी एक समय मे 50% क्षमता के साथ ही यात्री यात्रा कर सकेंगे। सिनेमा, थिएटर और मल्टीप्लेक्स भी 50% क्षमता के साथ ही चलेंगे।
  • फ्लाइट के जरिए महाराष्ट्र से दिल्ली आने वाले सभी यात्रियों को यात्रा से करीब 72 घंटे तक पुरानी RT-PCR टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी। साथ ही जो लोग महाराष्ट्र से बिना निगेटिव टेस्ट रिपोर्ट के आएंगे, उन्हें 14 दिन क्वारैंटाइन किया जाएगा।

24 घंटे में 1.52 लाख मरीज मिले

कोरोना की दूसरी लहर दिन पर दिन खतरनाक होती जा रही है। देश में शनिवार को एक लाख 52 हजार 565 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। महामारी की शुरुआत के बाद से पहली बार एक दिन में इतने ज्यादा संक्रमितों की पहचान हुई है। पिछले 24 घंटे में 90,328 लोग ठीक भी हुए और 838 लोगों की मौत हुई। मौत के मामले में इस साल दूसरी बार एक दिन में 800 या इससे ज्यादा लोगों ने जान गंवाई है। इससे पहले 8 अप्रैल को 802 लोगों की मौत हुई थी।

राजनीतिक-सामाजिक आयोजनों पर रोक
दिल्ली में सभी तरह की सामाजिक, राजनीतिक, खेल, मनोरंजन, अकादमी, सांस्कृतिक, धार्मिक और त्योहार संबंधी जमावड़ों पर रोक लगा दी गई है। सभी स्विमिंग पूल भी बंद कर दिए गए हैं। इस दौरान सिर्फ वही स्विमिंग पूल खुले रहेंगे, जहां खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए ट्रेनिंग ले रहे हैं। स्टेडियम में स्पोर्ट्स इवेंट आयोजित करने की इजाजत होगी, लेकिन दर्शक नहीं जा सकेंगे।

अब तक 1.33 करोड़ लोग संक्रमित
देश में अब तक 1 करोड़ 33 लाख 55 हजार से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 20 लाख 78 हजार लोग ठीक हो चुके हैं। 1 लाख 69 हजार 305 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 10 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। देश में एक्टिव केस यानी कोरोना का इलाज करा रहे मरीजों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। बीते दिन इसमें 61,329 की बढ़ोतरी रिकॉर्ड हुई और एक्टिव केस का आंकड़ा 11 लाख 2 हजार 370 तक पहुंच गया है।

कोरोना अपडेट्स

  • रिकवरी रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। दो दिन के अंदर ये 91.76% से घटकर 90.4% रह गया। पिछले तीन हफ्ते के अंदर इसमें करीब 8% की गिरावट दर्ज की गई है। सबसे कम छत्तीसगढ़ में 79.1% और महाराष्ट्र में 82.2% मरीज रिकवर हुए हैं।
  • प्रयागराज के पूर्व सांसद श्यामा चरण गुप्ता का शनिवार की सुबह निधन हो गया। उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर यह जानकारी दी गई। कुछ दिन पहले ही परिवार समेत वह कोरोना पॉजीटिव पाए गए थे। इसके बाद से उनका इलाज दिल्ली के एक निजी अस्पताल में हो रहा था।
  • राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्हें नागपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले सोमवार को भागवत हरिद्वार गए थे, जहां वे कुंभ मेले में शामिल हुए थे। उन्होंने गंगा में डुबकी भी लगाई थी।
  • ईस्ट कोस्ट रेलवे का कहना है कि 10 अप्रैल से देश में कहीं से भी ओडिशा आने वाले यात्रियों के लिए RT-PCR निगेटिव रिपोर्ट (72 घंटे से पुरानी न हो) या वैक्सीन का दूसरा डोज लगवाने का प्रमाण पत्र होना जरूरी होगा। बिना वैध दस्तावेजों के 7 दिन क्वारैंटाइन रहना होगा।