Tuesday, September 23

कोरोना देश में:मरीजों की संख्या में फिर होने लगी बढ़ोतरी, लगातार तीसरे दिन ठीक होने वालों से संक्रमितों का आंकड़ा ज्यादा

देश में कोरोना संक्रमितों के आंकड़े फिर एक बार चिंता बढ़ा रहे हैं। रविवार को 11,431 नए मरीज मिले, 9,267 ठीक हुए। यह लगातार तीसरा दिन था, जब ठीक होने वालों से नए संक्रमितों का आंकड़ा ज्यादा रहा। बीते 24 घंटे में 87 संक्रमितों ने जान गंवाई, जबकि एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 2,073 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 26 नवंबर के बाद एक्टिव केस में यह सबसे बड़ी बढ़ोतरी है। तब 2927 एक्टिव केस बढ़े थे।

देश में अब तक 1.09 करोड़ लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1.06 करोड़ ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.55 लाख ने जान गंवाई है। अभी 1.36 लाख का इलाज चल रहा है।

7 राज्यों में आज वैक्सीनेशन नहीं
केंद्र सरकार ने इस हफ्ते के लिए वैक्सीनेशन का चार्ट जारी किया है। इसके मुताबिक, आज यानी सोमवार 15 फरवरी को उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, चंडीगढ़, दादर एंड नागर हवेली, गोवा और गुजरात में वैक्सीनेशन नहीं होगा।

कोरोना अपडेट‌्स

  • यूनियन हेल्थ मिनिस्ट्री ने रविवार को ऑफिस या वर्कप्लेस के बारे में नई SOP जारी की। इसके मुताबिक, अगर किसी ऑफिस में कोरोना का केस मिलता है तो उस एरिया को डिसइंफेक्टेड करने के बाद दोबारा काम शुरू किया जा सकता है। इसके लिए पूरी बिल्डिंग को बंद या सील करने की जरूरत नहीं होगी।
  • मिनिस्ट्री के मुताबिक, किसी ऑफिस में 1 या 2 केस मिलते हैं तो डिसइंफेक्शन की प्रोसेस सिर्फ उसी जगह होगी, जहां मरीज पिछले 48 घंटों में मौजूद रहा हो। इसके बाद प्रोटोकॉल के हिसाब से काम फिर से शुरू किया जा सकता है। अगर वर्क प्लेस पर बड़ी संख्या में कोरोना के मामले सामने आते हैं, तो पूरे ब्लॉक या बिल्डिंग को डिसइंफेक्टेड किया जाना चाहिए।
  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में मृत्यु दर में लगातार गिरावट हो रही है। अब ये 1.5% से भी नीचे हो गया है। दुनिया के उन देशों की सूची में शामिल हो गया है जहां सबसे कम मृत्यु दर हैं।
  • स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में रिकवरी रेट 97.31% हो गया है। ये दुनिया के सबसे बेहतर रिकवरी रेट वाले देशों में शामिल है। देश में अभी 1.26% एक्टिव केस हैं।
  • केरल में कोरोना के मरीजों की संख्या रविवार को 10 लाख के पार हो गई। महाराष्ट्र के बाद केरल इतने मरीजों वाला दूसरा राज्य है। बीते 24 घंटे में यहां 4,612 नए मरीज मिले हैं। 15 मौतों के साथ मरने वालों की तादाद 3,985 पर पहुंच गया।
  • सेंट्रल गवर्नमेंट के सभी एम्पलाई वर्किंग डेज में ऑफिस आएंगे। कार्मिक मंत्रालय ने रविवार शाम इस बारे में आदेश जारी किया।