
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बुधवार फिर बढ़ोतरी हुई। यह इस महीने में दसवीं बार और लगातार दूसरा दिन है जब तेल की कीमतें बढ़ी हैं। राजस्थान के गंगानगर में पेट्रोल की कीमत 100 रुपए प्रति लीटर के पार निकल गई है। गंगानगर में सामान्य पेट्रोल 98.40 रुपए प्रति लीटर और प्रीमियम पेट्रोल 101.80 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं डीजल 90 रुपए के पार पहुंच गया है।
इसके अलावा मुंबई में पेट्रोल 92.86 और दिल्ली में 86.30 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। जनवरी में अब तक पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 10 बार बढ़ोतरी हो चुकी है। आज डीजल और पेट्रोल दोनों में ही 25-25 पैसे की बढ़ोतरी देखने को मिली है। इसके पहले सोमवार को भी डीजल-पेट्रोल की कीमतें बढ़ी थीं।
जनवरी में अब तक पेट्रोल 2.59 और डीजल 2.61 रु./लीटर महंगा हुआ
इस महीने दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में 2.59 रुपए और डीजल में 2.61 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। 7 दिसंबर को दिल्ली में पेट्रोल 83.71 रुपए और डीजल 73.87 रुपए/लीटर पर बिक रहा था। इसके बाद 29 दिनों तक इनके दाम नहीं बढ़े। 6 जनवरी को इस महीने पहली बार इनके दाम बढ़ाए गए थे।
प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के दाम
शहर का नाम | पेट्रोल (रुपए/लीटर) | डीजल (रुपए/लीटर) |
दिल्ली | 86.30 | 76.48 |
मुंबई | 92.86 | 83.30 |
भोपाल | 94.18 | 84.46 |
जयपुर | 93.84 | 85.93 |
चंडीगढ | 83.07 | 76.21 |
पानीपत | 83.68 | 76.37 |
पटना | 88.76 | 81.63 |
रांची | 84.86 | 80.99 |
टैक्स के बाद पेट्रोल हो जाता है 3 गुना महंगा
इसको समझने के लिए पहले ये समझना जरूरी है कि कच्चे तेल से पेट्रोल-डीजल पंप तक कैसे पहुंचता है। पहले कच्चा तेल बाहर से आता है। वो रिफायनरी में जाता है, जहां से पेट्रोल और डीजल निकाला जाता है। इसके बाद ये तेल कंपनियों के पास जाता है। तेल कंपनियां अपना मुनाफा बनाती हैं और पेट्रोल पंप तक पहुंचाती हैं। पेट्रोल पंप पर आने के बाद पेट्रोल पंप का मालिक अपना कमीशन जोड़ता है। ये कमीशन तेल कंपनियां ही तय करती हैं। उसके बाद केंद्र और राज्य सरकार की तरफ से जो टैक्स तय होता है, वो जोड़ा जाता है। उसके बाद सारा कमीशन, टैक्स जोड़ने के बाद पेट्रोल और डीजल हम तक आता है।
6 मई को सरकार ने बढ़ाई थी एक्साइज ड्यूटी
कोरोनाकाल में जारी लॉकडाउन के बीच सरकार ने 6 मई 2020 को पेट्रोल पर 10 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 13 रुपए प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई थी। हालांकि तक सरकार ने कहा था कि इस बढ़ोत्तरी का असर आम आदमी की जेब पर नहीं पड़ेगा। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां इंडियन आयल, BPCL और HPCL पेट्रोल-डीजल पर बढ़ी हुई ड्यूटी को वहन करेंगी। हालांकि 6 मई से अब तक राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 71.26 से 86.30 रुपए प्रति लीटर पर आ गया है। वहीं डीजल जो 6 मई को 69.39 रुपए प्रति लीटर पर बिक रहा अब 76.48 रुपए पर आ गया है। तक से किस शहर में कितने बढ़े दाम….
रोजाना सुबह 6 बजे तय होते हैं पेट्रोल-डीजल के रेट
ऑयल मार्केटिंग कंपनियां कीमतों की समीक्षा के बाद रोजाना पेट्रोल और डीजल के रेट तय करती हैं। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम रोजाना सुबह 6 बजे पेट्रोल और डीजल की दरों में संशोधन कर जारी करती हैं। पेट्रोल-डीजल का का रेट आप SMS के जरिए भी जान सकते हैं। इसके लिए इंडियन ऑयल के कस्टमर RSP के बाद स्पेस देकर पेट्रोल पंप का कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर और BPCL उपभोक्ता RSP लिखकर 9223112222 नंबर पर मैसेज भेजकर जानकारी हासिल कर सकते हैं। वहीं, HPCL उपभोक्ता ‘HPPrice’ लिखकर 9222201122 नंबर पर मैसेज भेजकर आज का भाव पता कर सकते हैं।