Tuesday, September 23

पहाड़ों में बर्फ, मैदानों में राहत:बर्फबारी के कारण जम्मू-श्रीनगर हाईवे जाम, कई फ्लाइट्स कैंसिल; पठानकोट में तेज बारिश के साथ गिरे ओले

देशभर में मौसम का हाल मिला-जुला नजर आ रहा है। कश्मीर, हिमाचल सहित पहाड़ी राज्यों में अभी बर्फबारी और कड़ाके की ठंड जारी है तो वहीं मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड जैसे मौदानी राज्यों में ठंड का असर कुछ कम होता दिख रहा है। इसके अलावा पंजाब और दिल्ली जैसे मैदानी राज्य भी हैं, जहां कड़ाके की ठंड और कोहरा पड़ रहा है।

जम्मू-कश्मीर के ज्यादातर इलाकों में शनिवार को बर्फबारी हुई। करीब 10 इंच तक बर्फ जम गई। इस कारण जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर लंबा जाम लग गया। हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं। रनवे पर बर्फ जमने से ज्यादातर विमान उड़ान नहीं भर सके और न ही कोई फ्लाइट लैंड हो सकी।

पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से ठिठुरा पंजाब, कई जगह बारिश

पहाड़ों पर बर्फबारी से पंजाब में बीते दिन को तेज हवा और कई जगह बूंदाबांदी हुई। जिसके बाद माझा से लेकर मालवा और दोआबा में कंपकंपाती सर्दी रही। पठानकोट में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। यहां 5 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। जालंधर, गुरदासपुर-बटाला, होशियारपुर में भी बूंदाबांदी हुई। इससे दिन और रात के तापमान में आंशिक बढ़ोतरी हुई है। शनिवार को 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली। दिन और रात के पारे में महज 6 डिग्री तक का अंतर रहा। सूबे में 48 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान: माउंट आबू में दो महीने बाद पहली बार रात का पारा 6 डिग्री पर

राजस्थान में भी ठंड का असर कम होता दिखाई दे रहा है दिखाई दे रहा है। हिल स्टेशन माउंट आबू में लगातार दो महीनों से पड़ रही कड़ाके की सर्दी से शनिवार को मामूली राहत मिली है। यहां एक ही दिन में रात के पारे में 4 डिग्री के उछाल के साथ ही पारा 6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। अधिकतम तापमान भी 22 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं शुक्रवार को यहां न्यूनतम तापमान 2 डिग्री था और इससे एक दिन पहले गुरुवार को यहां का न्यूनतम पारा जमाव बिंदु (शून्य) पर था।

बिहार: पटना में गिर सकता है दिन का तापमान

पटना सहित बिहार के सभी हिस्सों में घने कोहरे की चादर पूरे दिन फैली रही। इस दौरान दिन में अलग-अलग समय पर 7 से 13 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं। इससे रात के साथ ही दिन भी सर्द हो गया। मौसम विभाग ने रविवार के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है।

विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली ठंड हवा और बंगाल की खाड़ी से आने वाली गर्म हवाओं के मिलन के कारण बिहार सहित देश के उत्तर हिस्से में घना कोहरा छा रहा है। अगले तीन दिनों तक पटना में दिन के तापमान में एक से तीन डिग्री की कमी होने का अनुमान है। रात का तापमान स्थिर रहेगा। पटना में शनिवार को अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री और न्यूनतम 10.8 डिग्री रिकार्ड किया गया। 25 के बाद तापमान बढ़ेगा। इससे राहत की उम्मीद है।

मध्यप्रदेश में फिलहाल ठंड से राहत, गणतंत्र दिवस पर हो सकती है बढ़ोतरी

मध्यप्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। प्रदेश की राजधानी भोपाल में शनिवार को पारा 30 डिग्री के पार पहुंच गया। यह सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा रहा। रविवार को इसमें और बढ़ोत्तरी हो सकती है, जबकि 26 जनवरी को यहां पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने की संभावना है और गणतंत्र दिवस की सुबह यहां तेज ठंड पड़ने की संभावना है।

राज्य बाकी शहरों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। इस बीच ग्वालियर में घना कोहरा देखा गया। शुरुआत में विजिबिलिटी जहां 600 मीटर थी तो बाद में 100 मीटर के बाद का भी दिखाई देना बंद हो गया। यहां भी 26 जनवरी से ठंड की वापसी की उम्मीद है।