Tuesday, October 21

कोरोना देश में:21 दिनों में 67 हजार एक्टिव केस कम हुए, रफ्तार यही रही तो मार्च के आखिरी तक हालात नॉर्मल हो सकते हैं

देश में कोरोना के एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या लगातार घट रही है। गुरुवार को 14,472 नए संक्रमित मिले, 17,726 ठीक हुए और 161 की मौत हो गई। एक्टिव केस में 3,420 की कमी आई। इस महीने 21 दिनों में 66,873 एक्टिव केस, यानी हर दिन औसतन 3,184 मरीज कम हुए हैं। अभी 1.85 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। मरीज इसी रफ्तार से कम हुए तो 58 दिन में हालात नॉर्मल हो सकते हैं। तब रोजाना इक्का-दुक्का केस ही आएंगे।

देश में अब तक 1.06 करोड़ केस आ चुके हैं। इनमें से 1.02 करोड़ मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.53 लाख मरीजों ने जान गंवाई है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

कोरोना अपडेट्स

  • तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री और दिवंगत नेता जयललिता की करीबी शशिकला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पहले वे बेंगलुरु के बोरिंग हॉस्पिटल में भर्ती थीं। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें विक्टोरिया हॉस्पिटल में रैफर किया गया है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में शशिकला बेंगलुरु की पराप्पना अग्रहारा जेल में हैं।
  • कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में मरीजों की संख्या गुरुवार को 20 लाख के पार हो गई। यह संख्या में दुनिया के 10वें सबसे ज्यादा प्रभावित देश जर्मनी के संक्रमितों से एक लाख से कुछ कम है। जर्मनी में अब तक 21.09 लाख केस आ चुके हैं।