Sunday, October 19

कोरोना देश में:3 दिन में 19 हजार एक्टिव केस कम हुए, अब 1.89 लाख मरीजों का इलाज चल रहा, इससे कम केस 211 दिन पहले थे

कोरोना कंट्रोल में है। बुधवार को 15,270 नए संक्रमित मिले, 20,071 ठीक हुए और 152 लोगों ने जान गंवाई। इसके साथ ही 4,963 एक्टिव केस कम हो गए। अब सिर्फ 1.89 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। यह 24 जून के बाद सबसे कम कम है। तब 1.86 लाख मरीजों का इलाज चल रहा था। 26 नवंबर से अब तक (55 दिन में) सिर्फ एक बार 6 जनवरी को एक्टिव केस में 545 की बढ़ोतरी हुई है।

देश में अब तक 1.06 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 1.02 करोड़ ठीक हो चुके हैं, जबकि 1,52,906 लोगों ने जान गंवाई है।

कोरोना अपडेट्स

  • राजस्थान के 14 जिलों में तीन दिन में वैक्सीन के 622 डोज खराब हो गए। वैक्सीन खराब ना हो इसके लिए हर सेंटर पर 10 के गुणांक में मरीज पहुंचना जरूरी है, क्योंकि एक वायल में वैक्सीन के 10 डोज हैं। एक बार शीशी को तय टेम्परेचर से निकालने के बाद उसमें वैक्सीन बच जाती है तो वह खराब हो जाती है।
  • हरियाणा के तीन जिलों में 99% से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। महेंद्रगढ़ में 99.46%, सोनीपत में 99.15%, पलवल में 99% रिकवरी रेट है। वहीं, गुड़गांव, फरीदाबाद, रोहतक, अम्बाला, झज्जर, कैथल और नूंह में 98 से 99% मरीज ठीक हो चुके हैं। सबसे कम 93.47% रिकवरी रेट जींद का है।
  • छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बुधवार को मुंबई-रायपुर इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट से कोवीशील्ड वैक्सीन के 2.65 लाख डोज की दूसरी खेप पहुंच गई। रायपुर जिले को दूसरी खेप में 30 हजार डोज और मिलेंगे। प्रदेश में 2 लाख 67 हजार लोगों को वैक्सीन लगनी है। इनमें से अभी 16,258 को ही टीके लगे हैं।
  • देश में वैक्सीनेशन प्रोग्राम शुरू हुए पांच दिन हो चुके हैं। अब तक 7.86 लाख हेल्थ केयर वर्कर्स को टीका लगाया जा चुका है। वैक्सीनेशन के शुरुआती हफ्ते की बात की जाए तो भारत इस मामले में अमेरिका से काफी आगे है। अमेरिका में पहले हफ्ते में 5.56 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई गई थी।
  • स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक वैक्सीन से साइड इफेक्ट के अब तक 10 मामले सामने आए हैं। इनमें दिल्ली में चार, कर्नाटक में दो और उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान और पश्चिम बंगाल में एक-एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती किया गया। हालांकि, किसी की हालत गंभीर नहीं है।