Monday, October 20

राममंदिर के लिए आज से देशभर में जमा करेंगे पैसे:धन संग्रह शुरू होने से पहले ही मध्य भारत प्रांत से जुटा लिए 10 करोड़ रुपए

मध्य भारत प्रांत में दस करोड़ रुपए से ज्यादा राशि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ न्यास के नाम पर मिल चुकी है

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए धनसंग्रह शुक्रवार से शुरू हो रहा है। लेकिन इससे पहले ही मध्य भारत प्रांत में दस करोड़ रुपए से ज्यादा राशि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ न्यास के नाम पर मिल चुकी है। न्यास की ओर से दस रुपए से लेकर दो हजार रुपए तक के कूपन जारी हुए हैं, जबकि 20 हजार रुपए तक का सहयोग नगद और इससे अधिक राशि चेक के माध्यम से ली जा रही है।

मंत्री और विधायकों के साथ नेताओं को कूपन और रसीदें नहीं दी गई है। वे धन संग्रह के लिए बनी टोलियों के साथ रहेंगे। न्यास के पास पहुंची जानकारी के अनुसार ओल्ड सुभाष नगर के उमेश, राजेश और राकेश शर्मा ने 5 लाख 100 रुपए और करोंद में रहने वाले गौरीशंकर शर्मा ने 1 लाख 51 हजार रुपए सहयोग राशि दी है।

सभी लोग लगातार धन संग्रह अभियान के मप्र के अध्यक्ष अखिलेश्वरानंद सरस्वती से मिल रहे हैं। शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री व न्यास के अखिल भारतीय सह अभियान प्रमुख विनायक राव देशपांडे भोपाल में धन संग्रह अभियान का शुभारंभ करेंगे।

21 हजार टोलियां मध्यभारत प्रांत में काम करेंगी

मप्र में 6.5 करोड़ लोगों तक पहुंचने के लिए 60 हजार के करीब टोलियां बनाई गई हैं। मप्र के तीन प्रांत (मध्यभारत, मालवा और महाकौशल) में ये टोलियां काम करेंगी। मध्य भारत प्रांत में ही 21 हजार टोलियां काम करेंगी। इन्हें भोपाल व ग्वालियर (मध्य भारत प्रांत) के 35 लाख परिवारों तक पहुंचना है। भोपाल महानगर को 26 नगरों में बांटा गया है। फिर बस्ती और फिर टोलियां होंगी। तमाम सहयोग राशि एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा और पीएनबी में जमा होगी।

अयोध्या से आई भगवान के चित्र वाला पोस्टर

न्यास ने सभी प्रदेशों को भगवान राम के चित्र वाला पोस्टर भी भेजी है। यह उन लोगों को मिलेगी, जो एक लाख रुपए या इससे अधिक की सहयोग राशि देंगे।

कूपन-रसीद

10 रुपए, 100 रुपए, 1000 रुपए (जो दो हजार रुपए देना चाहते हैं, उन्हें एक हजार-एक हजार के दो कूपन मिलेंगे।) दो हजार से 20 हजार तक नगद, 20 हजार से अधिक राशि चैक के जरिए दी जा सकेगी। इसकी रसीद मिलेगी।

भोपाल में 21 लाख से 51 लाख, सभी नाम गोपनीय

राजधानी में ऐसे भी लोग हैं, जिन्हाेंने 21 लाख से 51 लाख रुपए दिए हैं, लेकिन नाम गोपनीय रखा है। गुना के रघुवंशी समाज ने 11 लाख, विदिशा के किन्नर गुरु रत्ना नायक ने 5.51 लाख, गंजबासौदा के किन्नर मुन्ना ने 501000 ने सहयोग के तौर पर राशि न्यास को दी है।