Saturday, October 18

बर्फीली हवाओं से ठिठुरे मैदानी इलाके:MP के 11 जिलों में शीतलहर, दिल्ली में शिमला और मसूरी से भी ज्यादा ठंड

उत्तरी और पश्चिमी-उत्तरी हवाएं पहाड़ों से बर्फीली हवाएं लेकर मैदान की ओर आ रही हैं। तटीय इलाकों को छोड़कर देशभर में सर्द हवाएं चल रही हैं। मिनिमम टेम्परेचर में 5 से 7 डिग्री तक की कमी ने देश की दो तिहाई आबादी को ठिठुरा दिया है। मध्यप्रदेश के 11 जिलों में शीत लहर चल रही है। दिल्ली में पारा 2 डिग्री पर पहुंच गया। यह शिमला और मसूरी से भी ज्यादा सर्द हो गया है। शिमला (6.1), नैनीताल (3), मसूरी (4), दार्जिलिंग (3.2), पचमढ़ी (4), चेरापूंजी (5.9), शिलांग (5.1) और गंगटोक (7.3) से भी कम रहा।

जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर में सर्दी का 25 साल का रिकॉर्ड टूटा
श्रीनगर में बीती रात तापमान माइनस 8.4 डिग्री पर पहुंच गया। ऐसा यहां 1995 के बाद हुआ। उत्तर-पश्चिमी भारत के राज्यों के कई शहरों में भी गुरुवार सुबह तापमान 3 डिग्री से कम रहा। लद्दाख के द्रास में गुरुवार को तापमान माइनस 28.2 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि 5.9 डिग्री के साथ जम्मू और 4.8 डिग्री के साथ कटरा में भी जबर्दस्त ठंड रही।

हरियाणा: मैदानी इलाकों में नारनौल-रेवाड़ी सबसे ठंडे रहे
हरियाणा का रेवाड़ी 1.5 और नारनौल 1.8 डिग्री तापमान के साथ देश के मैदानी इलाकों में सबसे ठंडे रहे। यह सामान्य से 3 डिग्री कम तापमान है। अम्बाला में दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री नीचे 13.2 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह के समय गहरी धुंध रही। भिवानी और रोहतक में विजिबिलिटी 25 मीटर रह गई।

राजस्थान: श्रीगंगानगर में पारा 10.5 डिग्री गिरा, दिन का तापमान 12.5
राजस्थान में दिनभर शीतलहर चली। सुबह 10 बजे तक कोहरा छाया रहा। मौसम में आए बदलाव से मैक्सिमम टेम्परेचर 24 घंटे के अंदर ही 10.5 डिग्री गिरकर 12.5 डिग्री पर आ गया। हालांकि, रात में बादल छा जाने से मिनिमम टेम्परेचर में 5.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 5.5 डिग्री दर्ज किया गया।
पंजाब: 17 साल बाद संक्रांति का दिन इतना ठंडा
पंजाब में शीतलहर से रातें तो सर्द हैं ही, अब दिन का पारा भी गिरने का रिकॉर्ड टूट रहा है। गुरुवार को 17 साल बाद फिर दिन में मैक्सिमम 11 से 13 डिग्री तक रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 6 डिग्री की बड़ी गिरावट पर है। इससे पहले 2003 में 14 जनवरी को मैक्सिमम पारा 11 से 12 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। बिना बारिश के दिन के मैक्सिमम टेम्परेचर में गिरावट दर्ज हुई है।
मध्यप्रदेश: उमरिया 2.3 डिग्री के साथ सबसे सर्द
मध्यप्रदेश में सर्द हवाओं ने फिर मुश्किल बढ़ा दी है। गुरुवार को उमरिया सबसे ठंडा रहा। यहां रात का तापमान 2.3 डिग्री दर्ज हुआ। ग्वालियर, उमरिया, नौगांव, दतिया, रतलाम, खजुराहो, जबलपुर, रीवा, बालाघाट, सिवनी और सतना में शीतलहर चली। प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार: 20 किमी तेज बर्फीली हवाओं से बढ़ी ठंड, पटना में और गिरेगा पारा
उत्तर-पश्चिम से आने वाली बर्फीली हवाओं के असर से पटना सहित बिहार के सभी हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में रात के साथ ही दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट होगी। पटना में मैक्सिमम टेम्परेचर 17.6 और मिनिमम 8.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को मिनिमम टेम्परेचर 8 डिग्री रहने का अनुमान है।

छत्तीसगढ़: ठंड के साथ फिर लौटा कोहरा

उत्तर से आ रही हवाओं से सरगुजा और बिलासपुर संभाग का बड़ा हिस्सा कड़ाके की सर्दी की चपेट में आ गया है। सरगुजा में कई जगह घना कोहरा नजर आने लगा है। राजधानी रायपुर में भी दो दिन में पारा 6 डिग्री गिरकर 14 के करीब पहुंच गया और ठंड महसूस हो रही है। शहर के आउटर में फिर कोहरा और धुंध नजर आने लगी है। उत्तरी छत्तीसगढ़ में जशपुर, कोरिया और बलरामपुर जिले शीतलहर की चपेट में हैं। वहां रात का तापमान फिर 4 से 5 डिग्री के बीच आ गया है।