Saturday, October 18

कोरोना देश में:एक्टिव केस घटने की रफ्तार धीमी पड़ी, पिछले महीने के शुरुआती दो हफ्तों के मुकाबले 42% की गिरावट

देश में कोरोना के केस कम होने के साथ ही एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में गिरावट की रफ्तार भी धीमी पड़ रही है। इस महीने दो हफ्ते बीत चुके हैं। इस दौरान सिर्फ 42 हजार 593 एक्टिव केस कम हुए हैं, जबकि दिसंबर के शुरुआती दो हफ्तों (3 से 17 दिसंबर) में 76 हजार 177 केस कम हुए थे। इस महीने सबसे ज्यादा 13 हजार 140 एक्टिव केस 4 जनवरी को कम हुए थे। बीते दो दिन से तो यह आंकड़ा 1000 के भी पार नहीं हो पाया है।

देश में गुरुवार को 15 हजार 677 संक्रमितों की पहचान हुई। 15 हजार 848 मरीज ठीक हुए और 189 की मौत हो गई। 373 एक्टिव केस कम हुए। अब तक कुल 1.05 करोड़ केस आ चुके हैं। इनमें से 1.01 करोड़ ठीक हो चुके हैं। 1.51 लाख जान गंवा चुके हैं, जबकि 2.10 लाख का इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

कोरोना अपडेट्स

  • गणतंत्र दिवस पर इस बार कोई भी चीफ गेस्ट नहीं होगा। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी। इससे पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन 26 जनवरी पर चीफ गेस्ट के रूप में भारत आने वाले थे। उन्होंने अपने देश में कोरोना से बिगड़े हालात को देखते हुए अपना दौरा रद्द कर दिया था।
  • विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने गुरुवार को बताया कि सरकार वैक्सीन के प्रोडक्शन और उपलब्धता पर नजर बनाए हुए है। अन्य देशों में इसकी सप्लाई के बारे में फैसला करने में अभी वक्त लग सकता है।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह साढ़े 10 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वैक्सीनेशन प्रोग्राम की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। इस दौरान सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के 3006 सेशन साइट्स कार्यक्रम से जुड़ेंगे। हर सेशन में 100 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा।
  • गृह मंत्रालय सरदार पटेल कोविड सेंटर में डॉक्टर्स की संख्या में कटौती कर सकता है। ITBP ने हाल ही में मंत्रालय से कहा था कि पिछले कुछ दिनों से कोरोना के मामलों में कमी आई है।
  • दिल्ली सरकार ने ब्रिटेन से आने वाले पैसेंजर्स के लिए क्वारैंटाइन प्रोटोकॉल 31 जनवरी तक बढ़ा दिया है। इसके तहत उन्हें यहां पहुंचने के बाद 14 दिन तक क्वारैंटाइन रहना होगा।