Saturday, October 18

कोरोना देश में:देशभर में टेस्टिंग कम की गई, इस महीने एक दिन भी 10 लाख नहीं पहुंचा जांच का आंकड़ा

देश में अब तक 18.42 करोड़ कोरोना टेस्टिंग की जा चुकी है। बुधवार को 7.43 लाख जांच की गईं। तीन दिन पहले 6.56 लाख जांच की गई थीं, जो 9 अगस्त के बाद, यानी 157 दिन में सबसे कम थी। इस महीने यह आंकड़ा एक बार भी 10 लाख पर नहीं पहुंचा है।

दिल्ली में हफ्ते में 4 दिन 81 सेंटर्स पर लगाया जाएगा टीका
देशभर में 16 जनवरी यानी शनिवार से शुरू होने वाले वैक्सीनेशन के लिए सरकार ने सभी तैयारियां कर ली हैं। इसी बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में वैक्सीनेशन ड्राइव के लिए 81 सेंटर्स को फाइनल किया गया है। यहां हफ्ते में 4 दिन कोरोना का टीका लगाया जाएगा

उन्होंने कहा कि हर सेंटर पर 100 लोगों को वैक्सीन लगाने की व्यवस्था की गई है। इस तरह एक दिन में 8 हजार से ज्यादा लोगों को टीका लगाया जाएगा। धीरे-धीरे इन सेंटर्स को बढ़ाकर 175 और फिर एक हजार तक किया जाएगा। वैक्सीनेशन के पहले फेज में सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को टीका लगाया जाएगा।

31% एक्टिव केस अकेले केरल में ही
देश में केरल में कोरोना के मामले चिंता बढ़ा रहे हैं। यहां रोजाना औसतन करीब 5000 नए संक्रमित मिल रहे हैं। बुधवार को 6004 केस आए, 5158 मरीज ठीक हुए और 26 की मौत हो गई। यहां 65 हजार 374 मरीजों का इलाज चल रहा है। देश में कुल 2.10 लाख संक्रमितों का इलाज चल रहा है, इनमें 31% अकेले केरल से हैं।

देश में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 17 हजार 15 मामले आए, 17 हजार 797 ठीक हुए और 201 की मौत हो गई। अब तक कुल 1.05 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 1.01 करोड़ मरीज ठीक हो चुके हैं, 1.51 लाख की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

कोरोना अपडेट्स:

  • दिल्ली पुलिस के स्पेशल CP (ऑपरेशंस) मुक्तेश चंदर ने बताया कि अब तक 80 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों के नाम वैक्सीनेशन के लिए Co-WIN पोर्टल पर अपलोड किए जा चुके हैं। इनमें 50 साल से ज्यादा उम्र के कर्मचारियों को प्रायोरिटी पर रखा गया है। ऐसे सभी लोगों को SMS के जरिए वैक्सीनेशन की डेट, टाइमिंग और सेंटर की जानकारी दे दी गई है।
  • पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने बताया कि राज्य में 1 करोड़ 60 लाख हेल्थ वर्कर्स हैं। अभी हमें 2.04 लाख वैक्सीन डोज मिली है। जितने लोगों ने रजिस्टर किया है उन सभी को मुफ्त में वैक्सीन लगाई जाएगी।
  • महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि राज्य में 9.83 लाख वैक्सीन डोज आ चुके हैं। इनमें 9 लाख 63 हजार वैक्सीन सीरम इंस्टीट्यूट की कोवीशील्ड है, जबकि बाकी वैक्सीन भारत बायोटेक की कोवैक्सिन है। राज्य को अभी 17.5 लाख डोज की जरूरत है।
  • गुजरात में 10 महीने बाद मंगलवार को इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (ITIs) खुल गए। सभी इंस्टीट्यूट्स में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी है।