
जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई इलाके घने काेहरे की चपेट में हैं। इन राज्यों में अगले 5 दिन यही हाल रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक देश के उत्तर-पश्चिमी इलाकों गुरुवार तक मिनिमम टेम्परेचर 3-5 डिग्री गिर सकता है। उधर, कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी हो रही है। हिमाचल में सड़कों पर बर्फ की मोटी परत जमी है, इसके चलते 330 सड़कें बंद हैं।
राजस्थान के 5 शहरों में टेम्परेचर माइनस में पहुंचा
राजस्थान में ठंड तेजी से बढ़ रही है। मंगलवार को प्रदेश के 5 शहरों में तापमान माइनस में चला गया। इस सीजन में पहली बार ऐसा हुआ है। माउंट आबू में सीजन का सबसे कम टेम्परेचर माइनस (-) 4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। फतेहपुर में माइनस 3.2, जाेबनेर में माइनस 1.8, सीकर में माइनस 0.5 और चूरू में माइनस 0.4 डिग्री टेम्परेचर रहा। इनके अलावा 12 शहर ऐसे हैं, जहां टेम्परेचर 5 डिग्री से कम है। 7 शहरों में टेम्परेचर 1 डिग्री से नीचे पहुंच गया।
हिमाचल में बर्फबारी जारी, 2 दिन शीतलहर चलेगी
बर्फबारी के बाद हिमाचल प्रदेश पूरी तरह से शीतलहर की चपेट में है। 7 शहरों का मिनिमम टेम्परेचर जमाव बिंदु और उससे नीचे चला गया है। नाहन काे छाेड़ सभी शहराें का मिनिमम टेम्परेचर एक और दाे डिग्री के करीब है। साेलन और भुंतर की रातें शिमला से भी ज्यादा ठंडी हो गई हैं। यहां पारा माइनस एक डिग्री रिकाॅर्ड किया गया है। माैसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के मैदानी इलाकों में गुरुवार तक शीतलहर चलेगी। अगले पांच दिनाें तक सभी जगह माैसम खराब रहने का अनुमान है।
बर्फबारी के बाद शिमला के लक्कड़ बाजार स्थित आइस स्केटिंग रिंक में फिर से स्केटिंग शुरू हाे गई है। मंगलवार को सुबह और शाम के दोनों सेशन हुए। शहर में बर्फबारी के बाद माैसम साफ रहा, लेकिन ठंड में कमी नहीं आई। शिमला शहर का मिनिमम टेम्परेचर 1.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मध्यप्रदेश के 17 जिलों में पारा 8 से नीचे, भोपाल में 7.8
शीतलहर का असर मध्य प्रदेश में दिख रहा है। प्रदेश के 70% इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। भाेपाल समेत 17 जिलाें में रात का तापमान 8 डिग्री से नीचे पहुंच गया। राजधानी में मंगलवार काे दिन का तापमान भी सामान्य से 6 डिग्री नीचे 19.3 डिग्री पर पहुंच गया। यह काेल्ड-डे रहा। उज्जैन समेत 5 अन्य जिलाें में भी काेल्ड-डे रहा। इंदाैर और धार में सीवियर काेल्ड-डे रहा। भाेपाल में रात का तापमान सामान्य से 3 डिग्री नीचे 7.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश भर में रात का सबसे कम तापमान 3.2 डिग्री दतिया में दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश में आज शीतलहर के आसार
बुधवार काे भाेपाल, ग्वालियर-चंबल संभागाें, उज्जैन, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, शाजापुर, रतलाम, नीमच, मंदसाैर, राजगढ़, सीहाेर, रायसेन, इंदाैर और धार जिलाें में शीतलहर चलने का अनुमान है।
दिल्ली में अगले 3 दिन में पारा और गिरेगा, कोहरा बढ़ेगा
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि 30 से 31 दिसंबर तक दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिमी भारत में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस गिर सकता है। साल के आखिरी दिन शीतलहर को लेकर ऑरेंज और नए साल के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
हरियाणा के कई जिलों में पाला, शीतलहर तेज हुई
हरियाणा के करीब सभी जिलों में मंगलवार को रात का तापमान 4 डिग्री से कम ही रहा। हिसार में यह 0 डिग्री पर आ गया। यह सामान्य से 7 डिग्री कम है। दिसंबर में यह 2 साल की सबसे ठंडी रात रही। पिछले साल 28 दिसंबर को पारा 0.2 डिग्री रहा था। 2018 में 26 दिसंबर को यह माइनस 1 डिग्री था।
गुजरात में रात का तापमान 2.8 डिग्री गिरा
मंगलवार को न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री गिरकर 12.4 डिग्री रह गया। दिनभर 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं। बुधवार से प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी के आसार हैं।