
नईदिल्ली | 24 फ़रवरी को गुजरात के अहमदाबाद में नमस्ते ट्रम्प कार्यक्रम के बाद डॉनल्ड ट्रम्प अपनी पत्नी के साथ आगरा का ताजमहल देखने जायेंगे| ट्रम्प यहाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ करीब एक लाख लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम को ट्रम्प और उनकी पत्नी मेलानिया ताजमहल देखने के लिए आगरा जाएंगे। इसके मद्देनजर उत्तर प्रदेश सरकार ने यमुना किनारे बदबू दूर करने के लिए गंगनहर से 500 क्यूसेक पानी छोड़ा है।
राष्ट्रपति ट्रम्प के आगरा आने के चलते उत्तर प्रदेश के सिंचाई विभाग ने गंगनहर (बुलंदशहर) से यमुना में 500 क्यूसेक पानी छोड़ा है। अधिकारियों के मुताबिक, इससे आगरा में ताजमहल के पीछे यमुना के आसपास पर्यावरण की स्थिति में सुधार आएगा। यह पानी 21 फरवरी तक आगरा पहुंच जाएगा। सिंचाई विभाग की कोशिश है कि 24 फरवरी तक यमुना में पानी का स्तर एक जैसा बना रहे। वहीं, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, पानी छोड़ने से नदी में मौजूद गंदे पानी की बदबू से निजात मिलेगी। साथ ही पानी में ऑक्सीजन का स्तर बढ़ने से पारिस्थितिक तंत्र भी मजबूत होगा।