Tuesday, September 23

राजधानी में बीती रात सीजन की सबसे सर्द रात रही, प्रदेश के 6 जिलों में रात का तापमान 15 डिग्री से कम रिकॉर्ड हुआ।

जम्मू कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में शुरू हुई बर्फबारी का असर प्रदेश के मैदानी इलाकों में अब दिखाई देने लगा है। हालांकि दिन में पारे के गर्म मिजाज के चलते सर्दी अभी ठिठकी हुई है। दूसरी तरफ पिंकसिटी समेत कई जिलों में रात के तापमान में हो रही गिरावट के चलते सुबह शाम के वक्त गुलाबी ठंडक का असर अब बढ़ने लगा है। राजधानी में बीती रात सीजन की सबसे सर्द रात रही। प्रदेश के 6 जिलों में रात का तापमान 15 डिग्री से कम रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग ने अब भी सप्ताहभर प्रदेश के मौसम में बड़े बदलाव से इनकार किया है लेकिन देश के उत्तरी पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी शुरू बढ़ने पर जल्द ही प्रदेश के मैदानी इलाकों में सर्दी का जोर बढ़ने की उम्मीद है। हिल स्टेशन आबू ठिठुरा
प्रदेश में सिरोही जिला बीती रात सबसे सर्द रहा। सिरोही में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री रहा वहीं हिल स्टेशन माउंटआबू में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चूरू 14.6, भीलवाड़ा 14.4, पिलानी14.5, सीकर 13.5, फतेहपुर 11.8, करौली 15.3, वनस्थली 15 और डबोक में न्यूनतम तापमान15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिंकसिटी में सबसे सर्द रात
बीती रात राजधानी जयपुर में सीजन की सबसे सर्द रात रही और पारा 0.4 डिग्री लुढ़क कर 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मालूम हो बीते चार दिन में शहर के न्यूनतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो चुकी है। शहर के बाहरी इलाकों में छाई हल्की धुंध के असर से भी मौसम का मिजाज अब सर्द होने लगा है।