Monday, September 22

एमपी में भू स्खलन, दरक गया पहाड़, हाई वे बंद कर रोका यातायात

मध्यप्रदेश में जोरदार बारिश के कारण कई जगहों पर आफत आ गई है। नर्मदापुरम जिले में बरसात से हालात बिगड़ गए हैं। जिले में नर्मदा उफान पर है और सभी ​नदी-नालों में पानी लबालब होने से कई जगहों पर यातायात रुक गया है। यहां भू स्खलन भी हुआ है जिससे यातायात रोकना पड़ा है। हिल स्टेशन पचमढ़ी में पहाड़ दरक गया, लैंड स्लाइड से आवागमन रुक गया। इधर भोपाल जबलपुर हाईवे भी बंद हो गया है। इस बीच बैतूल में बांध के गेट खोले गए हैं।

नर्मदापुरम में शनिवार देर रात शुरु हुई बारिश रविवार को भी जारी है। हिल स्टेशन पचमढ़ी में लैंड स्लाइड के कारण यातायात रोका गया है। पचमढ़ी के सबसे प्रसिद्ध टूरिस्ट प्लेस धूपगढ़ के रास्ते पर पहाड़ दरकने से भारी भू स्खलन हुआ। यहां आवागमन रोका गया है, पर्यटकों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।

जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार पचमढ़ी-धूपगढ़ मार्ग पर भूस्खलन हुआ। भूस्लखन के बाद एसटीआर पार्क प्रबंधन तुरंत सक्रिय हुआ। वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पर्यटकों की सुरक्षा के लिए यहां यातायात को रोक दिया गया है।
नर्मदापुरम में बारिश से हालात बेहद खराब हो चुके हैं। करीब एक दर्जन घर धराशायी हो गए हैं। एक मासूम बच्ची सहित दो लोगों की मौत हो गई है।माखननगर के पास के गांव झालासार में मकान गिर गया। इससे तीन साल की एक बच्ची मलबे में दब गई जिससे उसकी मौत हो गई। तेज बारिश के कारण भोपाल जबलपुर स्टेट हाईवे बंद हो गया है। हाइवे पर यातायात रुका हुआ है। बैतूल में सतपुडा बांध के 11 गेट खोले गए हैं।