मध्यप्रदेश के विदिशा शहर में बुधवार को सुबह काला धुआं देख हर कोई हैरान हो गया। यहां का औद्योगिक क्षेत्र एक फैक्ट्री में भीषण आग की लपटों से घिर गया। चारों तरफ काला धुआं था। आग इतनी भयानक थी कि 5 किलोमीटर दूर से भी काला धुआं नजर आ रहा था। पूरे शहर में अफरा-तफरी का माहौल है। स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। आग बुझाने के लिए विदिशा की फायर ब्रिगेड भी कम पड़ गई और आसपास के जिलों से भी फायर ब्रिगेड बुलाई गई। खबर लिखे जाने तक आग को बुझाने के प्रयास किए जा रहे थे।
विदिशा शहर में औदियोगिक क्षेत्र की यूनिकल पेस्ट्रीसाइड फैक्ट्री में बुधवार को सुबह भीषण आग लग गई। यहां ड्रमों में भरकर भारी मात्रा में कैमिकल रखा हुआ था। देखते ही देखते आग इतनी फैल गई कि 5 किलोमीटर दूर से भी काला धुआं दिखाई दे रहा था। इस भयानक धुएं को देख पूरे शहर में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री की दीवार को जेसीबी से तोड़कर केमिकल से भरे ड्रमो को हटाया जा रहा है, जिससे आग और ज्यादा नहीं भड़क जाए।
जनहानि के समाचार नहीं
इस केमिकल फैक्ट्री में हजारों लोग 24 घंटे काम करते हैं। प्रशासन का अमला यह भी नजर बनाए हुए है कि आग के दौरान फैक्ट्री के भीतर तो कोई कर्मचारी काम नहीं कर रहे थे। हालांकि खबर लिखे जाने तक कोई जनहानि के समाचार नहीं है।
स्कूलों में छुट्टी
विदिशा शहर में इस भीषण आग के कारण स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। कलेक्टर सहित बड़े अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। आसपास से बेरिकेटिंग कर दी गई है, किसी को भी घटना स्थल के करीब जाने नहीं दिया जा रहा है।