कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय कांति बम के नामांकन वापस लेकर भाजपा में शामिल होने की चर्चा देशभर में है जिससे कांग्रेस तिलमिलाई हुई है। मीडिया से मुखातिब हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी बोले कि इस कुकृत्य के लिए इंदौर की जनता भाजपा को सबक सिखाए, ये लोकतंत्र की हत्या है, इंदौर का अपमान है। उन्होंने ये भी कहां कि हम किसी भी निर्दलीय प्रत्याशी का समर्थन नहीं करेंगे, नोटा का विकल्प भी है। जनता तय करे कि अहंकार से भरी भाजपा को कैसे सबक सिखाना है।
एक जुटता इंदौर की पहचान
चर्चा में पटवारी बोले कि इंदौर शहर में देश व दुनिया में स्वच्छता के लिए जाना जाता है, यहां की अपनी एक सभ्यता है। न्याय की नगरी है। ऐसा शहर है जिसने में पानी की लड़ाई एक जुटता होकर लड़ी। दलगत भावना से ऊपर उठकर सकारात्मक भूमिका निभाई। जितना स्वच्छ शहर है हमारा उतनी ही राजनीतिक रूप से भाजपा व उसके नेताओं ने प्रदुषित कर दिया जिसकी पूरे देश में चर्चा है।
लोकतंत्र है खतरे में
कहना है कि लोकतंत्र खतरे में है, वोट की ताकत, आरक्षण, संविधान खतरे में है, ये बहस चल रही है जिस पर मोहन भागवत और अमित शाह को सफाई देना पड़ रही है।
कैलाश पर किया हमला
ऐसे व्यक्ति (कैलाश विजयवर्गीय) ने शहर को कलंकीत कर दिया है जिसको जिंदगी में सब पद मिले। प्रदेश में उनको नाम मिला। यह कृत्य करके उन्होंने छुट भैय्या नेता जैसी हरकत की।
जागना चाहिए जनता को
शहर की जनता को जागना चाहिए। शहर का लोकतंत्र कलंकित हो गया है। जब भाजपा को पता था कि नगर निगम में भारी मतों से जीते, विधानसभा में आठ विधायक हम हारे, हमने जनता के फैसले को आत्मसात किया पर ये परिस्थिति कि हम किसी को चुनाव लडऩे नहीं देंगे। ये ठीक नहीं है।
घोटाले में भाजपा को घेरा
नगर निगम में करोड़ों रुपए का घोटाला हुआ। काम नहीं हुए और पैसे निकाल लिए जो नगर निगम कई करोड़ कर्जे में है तनख्वाह नहीं निकल रही है। वहां पार्षद, अधिकारी व बगैर भाजपा नेता को कमिशन दिए बगैर कोई काम नहीं होता है।
कांग्रेस की नहीं जनता की लड़ाई
पटवारी ने कहां कि ये लड़ाई अब कांग्रेस की नहीं, इंदौर और भाजपा की है, ये लड़ाई इंदौर की सभ्यता और भाजपा के अंहकार की है। कांग्रेस तो चुनाव नहीं लड़ रही है, फॉर्म निकल गया पंजा है ही नहीं, पर हम इंदौर के तो है।
हम चुनाव का नहीं करेंगे बहिष्कार
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि हम चुनाव का बहिष्कार नहीं करेंगे, हम लोकतांत्रिक लोग है। ये किसी को हराने जिताने की जिताने की लड़ाई नहीं है ये इस कृत्य को आलोचना है। सरपंच, पार्षद के साथ ऐसा होता था लेकिन हमारे शहर में सांसद के चुनाव में हो गया।
राहुल बोले – इंदौर ऐसा शहर नहीं
भिंड की सभा में राहुल गांधी ने जीतू पटवारी से घटना को लेकर चर्चा की। कहना था कि इंदौर ऐसा शहर नहीं है। सुमित्रा महाजन वहीं से सांसद थी ना, वो तो बहुत सुचिता व सभ्यता की बात करती थी, वहां इस तरह का कृत्य कर दिया भाजपा ने, ये कैसे संभव है वो कहां थी ? इंदौर ने महाजन को इतनी बार सांसद बनाया वह भी इस कृत्य में हिस्सेदार थी क्या?
व्यवस्था का करेंगे विरोध
पार्टी कार्यक्रम बना रही है, रैली निकालेंगे, आम आदमी से आग्रह करेंगे लेकिन ये कांग्रेस का कार्यक्रम नहीं होगा। हम सजग नागरिक है, इंदौर शहर का कार्यक्रम रहेगा। मुझे रातभर नींद नहीं आई। आज हम शर्मिदा है, कल इंदौर भोगेगा। हर बात लिखी जा रही है समय बदलेगा ताकत का नियम है एक जगह कभी नहीं रहती है। ये ईश्वर का नियम है।
सोए नहीं रहते तो यह दिन नहीं देखना पड़ता : सलूजा
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान को लेकर भाजपा ने पलटवार किया है। प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सिंह सलूजा ने कहा, पटवारी खुद अपने उम्मीदवार को संभाल नहीं पाए और उसका दोष शहर की जनता को दे रहे हैं, जो गलत है। अपनी नाकामी का ठीकरा इंदौर की जनता पर मत फोड़ें।