Sunday, September 28

ग्रेट खली ने कहा- किसान आंदोलन गलत, बीजेपी इस बार 400 पार जाएगी

भारतीय पूर्व रेसलर और द ग्रेट खली ने कहा है कि मोदी ने किसानों के लिए भी बहुत कुछ किया। लेकिन पंजाब और हरियाणा की बार्डर पर चल रहा किसानों का आंदोलन गलत है। खली ने कहा कि पीएम मोदी की किसानों को लेकर बनाई गई नीतियां बेहतर है, लेकिन कुछ किसान हर चीज सरकार पर थोपना चाहते हैं। किसानों को सरकार की कुछ बातें मान लेनी चाहिए। खली ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि इस बार बीजेपी 400 से ज्यादा सीटें जीतेगी।

बैतूल में बालाजीपुरम में कमलावती महतो पार्क में राष्ट्रीय स्तर की विशाल दंगल प्रतियोगिता में आए द ग्रेट खली ने मीडिया के कई सवालों के जवाब दिए। मुख्य अतिथि के रूप में आए खली ने सबसे पहले बालाजी मंदिर में भगवान के दर्शन किए। इस प्रतियोगिता में वो पहलवान भी शामिल हुए थे जो फिल्म दंगल और सुल्तान फिल्म में काम कर चुके हैं।

द ग्रेट खली नाम से चर्चित दलीप सिंह राणा (Dalip Singh Rana) ने मीडिया के सवालों पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नारा है कि इस बार 400 पार और सही बात है कि बीजेपी इस बार 400 से ज्यादा सीटें जीतेगी। पीएम मोदी ने राम मंदिर सहित देशहित के कई बड़े फैसले लिए। उन्होंने बहुत अच्छे काम किए। पीएम मोदी के काम को देखते हुए उन्हें फिर से जिताएंगे।

दिल्ली से लेकर पंजाब और हरियाणा बार्डर पर चल रहे किसान आंदोलन को लेकर खली ने कहा कि कुछ किसान बहकावे में आ गए हैं। इस वजह से यह सब कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों के लिए बहुत कुछ किया है। किसानों के लिए अच्छी नीति बनाई है। अधिक बजट दिया है।

जिम में हार्ट अटैक पर क्या बोले

जिम में हार्ट अटैक को लेकर उन्होंने कहा कि प्रोटीन सोया मक्का दूध व चने से बनता है। कुछ लोग इसमें स्टेराइड मिलाते हैं। जिससे नुकसान होता है। हार्ट अटैक होता है। प्रोटीन बदनाम होता है। इसे सोच समझकर खाना चाहिए। कोच मिस गाइड करते हैं।

खली ने कहा कि आगे बढऩे के लिए खुद में जुनून होना चाहिए। सिर्फ सरकार के भरोसे बैठकर कुछ नहीं हो सकता है। सारी चीज सरकार पर थोपते हैं। सरकार उठेगी दौड़ेगी तभी रिजल्ट आएंगे। ऐसा नहीं है। भारतीय पहलवान पहले से संभले हैं। आगे जनसंख्या के हिसाब से मेडल आएंगे।

झलक पाने रहा उत्साह

खली की एक झलक पाने के लिए लोगों में खासा उत्साह रहा। खली शाम को चार बजे सेम वर्मा के हाउस से निकलने वाले थे। इसके पहले ही यहां लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। खली खुली जीप में सवार होकर घर से निकले। सबसे पहले बालाजी भगवान के मंदिर तक पहुंचे और बाहर से ही दर्शन कर दंगल स्थल के लिए रवाना हुए। इस दौरान लोगों की भारी भीड़ रही। खली ने सभी का हाथ जोडकऱ अभिवादन किया। लोगों ने उन्हें अपने मोबाइल में कैद किया और सेल्फी भी खिंचवाई। पर्सनल सुरक्षा गार्ड ने इस दौरान घेरा बनाकर रखा।

महिला-पुरुष पहलवानों ने दिखाया दम

बालाजीपुरम में हुई कुश्ती स्पर्धा में देशभर से आए पहलवानों ने दम दिखाया। एक से बढ़कर एक कुश्ती का प्रदर्शन किया। महिला पहलवान भी कुश्ती स्पर्धा में शामिल हुई। कुश्ती स्पर्धा देखने लोगों की भारी भीड़ रही। महिलाएं भी कुश्ती देखने अधिक संख्या में पहुंची।