
पेपर लीक प्रभावित लड़के से राहुल गांधी ने की बात
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा रविवार को प्रयागराज पहुंची। स्वराज भवन से कर्नलगंज, कटरा होते हुए यात्रा लक्ष्मी टाॅकीज पहुंची। वहां बड़ी संख्या में युवा आरओ- एआरओ पेपर लीक, लोक सेवा आयोग की तानाशाही आदि से जुड़े तख्ती लिए हुए थे। लक्ष्मी टॉकीज पर संबोधन से पहले राहुल ने पेपर लीक से प्रभावित भीड़ से एक लड़के को अपनी गाड़ी पर बुलाया। इसके बाद उसका नाम जाति आदि के बारे में पूछा। लड़के ने अपना अंकित बताया और वह ओबीसी वर्ग से है।
छात्रसंघ किया खत्म, यह आपको रोकने का तरीका
सवाल जवाब के साथ ही राहुल गांधी का संबोधन हुआ। राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक आपके साथ अन्याय है। यह सब आपके प्रधानमंत्री करा रहे हैं। संगम की नगरी में आप पर अत्याचार किया जा रहा है। राहुल गांधी ने युवाओं से कहा, आप डरो नहीं, हाथ उठाओ। पेपर लीक होने का मुद्दा मैं उठाऊंगा। उन्होंने कहा कि आपके प्रधानमंत्री ने पेपर लीक कराया है। छात्रसंघ भी खत्म कर दिया गया है। यह सब आपको रोकने का तरीका है।
भर्ती निकलना एक सपना है: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, ”पहले तो भर्ती निकलना एक सपना है, भर्ती निकले तो पेपर लीक, पेपर हुआ तो नतीजे का पता नहीं और लंबे इंतजार के बाद रिजल्ट आने पर भी अक्सर भर्ती के लिये अदालत का चक्कर। उन्होंने कहा कि सेना से लेकर रेलवे और शिक्षा से लेकर पुलिस तक की भर्तियों का सालों- साल इंतजार कर लाखों छात्र ‘ओवरएज’ हो चुके हैं।