मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं और ज्यादातर वक्त भाजपा के निशाने पर भी रहते हैं लेकिन इस बार दिग्विजय सिंह विरोधियों के साथ साथ अपने ही भाई के निशाने पर हैं। दिग्विजय सिंह पर उनके ही छोटे भाई और पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह ने इशारों-इशारों में बड़ा हमला बोला है। इतना ही नहीं लक्ष्मण सिंह ये भी कह रहे हैं कि जो कुछ भी उन्होंने कहा है कि उसका वीडियो कांग्रेस आलाकमान तक वायरल होना चाहिए ।
‘बंटाधार’ को लेकर ‘लक्ष्मण’ ने कही बड़ी बात
अपने बेबाक बयानों से चर्चा में रहने वाले चाचौड़ा से कांग्रेस के पूर्व विधायक और दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उनका सुर्खियों में होने की वजह अपने ही बड़े भाई दिग्विजय सिंह को लेकर बयान देना है। लक्ष्मण सिंह गणतंत्र दिवस पर जिले के कुंभराज में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे जहां उन्होंने दिग्विजय सिंह का नाम लिए बिना ही इशारे में कहा- मुझे बड़ा बुरा लगता है आज उनका नाम भाजपा ने मिस्टर बंटाधार रखा है। भाजपा ने 20 साल पहले ये नाम रखा था, जो आज भी चल रहा है, ऐसा क्यों हो रहा है। उन्होंने जनता की सेवा की, विकास किया फिर उनका नाम मिस्टर बंटाधार क्यों पड़ा। बीजेपी के लोग उन्हें बंटाधार कहते हैं और बीजेपी को वोट मिल जाते हैं, ऐसा क्यों हो रहा है?
मेरी बात का वीडियो वायरल जरूर करना- लक्ष्मण सिंह
लक्ष्मण सिंह यहीं नहीं रुके उन्होंने बंटाधार नाम रखे जाने की बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि दलाल इन्हें छोड़ने वाले नहीं हैं। इन दलालों को बिठाने का काम आप और हम करेंगे। आगे यह तय करना है कि ये दलालों की सुनेंगे या कार्यकर्ताओं की। राहुल गांधी पदयात्रा लेकर आने वाले हैं। हम सभी वहां जाएंगे। इस वीडियो को राहुल गांधी को जरूर भेजना। आज मैंने जो-जो कहा है इस वीडियो को वायरल कर कांग्रेस पार्टी को भी जरूर भेजना। अब यह तय कर लें कि कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं से चलेगी या सत्ता के दलालों से।