Friday, September 26

राहुल गांधी की यात्रा को लेकर असम में बवाल, पुलिस की कार्यकर्ताओं से झड़प, शहर में एंट्री पर रोक

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्‍याय यात्रा मेघालय से असम में प्रवेश करने जा रही है। इसी बीच खबर आ रही है कि राहुल की यात्रा को लेकर असम में तनाव पैदा हो गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़़प हो गई है। इस घटना के बाद राहुल गांधी की यात्रा पर शहर में एंट्री पर रोक लगा दी है। असम में हिमंत बिस्वा सरमा सरकार ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की यात्रा को गुवाहाटी में मुख्य सड़कों से गुजरने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। मुख्यमंत्री हिमंत ने यह कदम पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक बाद उठाया है। इसके बाद कांग्रेस ने असम सरकार पर भारत जोड़ो न्याय यात्रा में बाधाएं पैदा करने का आरोप लगाया है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प

राहुल गांधी की यात्रा आज मेघालय से एक बार फिर असम में प्रवेश कर रही है। ऐसा माना जा रहा है कि यात्रा राज्य के सबसे बड़े शहर गुवाहाटी के बाहरी इलाके से होकर गुजरेगी क्योंकि सरकार ने शहर के बीच से निकलने के लिए अनुमति नहीं दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच यात्रा को गुवाहाटी शहर में जाने से रोकने के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि उन्हें छात्रों से बात करने से रोका जा रहा है।

राहुल ने कल सड़क पर दिया था धरना
राहुल गांंधी ने एक दिन पहले सोमवार को गुवाहाटी के पास वैष्णव संत श्रीमंत शंकरदेव के जन्मस्थान का दौरा करने की योजना बनाई थी। योजना की घोषणा के तुरंत बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल से आग्रह किया कि वे अयोध्या में राम मंदिर ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह से पहले मंदिर का दौरा न करें। मंदिर की प्रबंध समिति ने भी कहा कि श्री गांधी को दोपहर 3 बजे से पहले प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। कांग्रेस नेता और उनके सहयोगियों को मंदिर की ओर जाते समय रोक दिया गया। इसके बाद वे सड़क जाम स्थल पर ही धरने पर बैठ गए थे।