Tuesday, September 23

सस्ता हुआ LPG सिलेंडर, इतने रुपए कम हो गए दाम, जानिए अपने शहर के रेट

सरकारी तेल कंपन‍ियों ने अगस्त की पहली तारीख को बड़ी खूशखबरी दी है। देश की राजधानी नई दिल्‍ली सहित कई शहरों में एलपीजी सिलेंडर के दाम में कटौती हुई है। तेल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 100 रुपए की कटौती की है। इस बदलाव के कारण देश की राजधानी नई दिल्‍ली में एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1680 रुपये हो गई है। ये कीमतें 1 अगस्त 2023 यानी आज से लागू हो गई हैं। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) ने अपनी वेबसाइट पर नए रेट अपडेट कर दिए हैं।

दिल्ली में कितना सस्ता
एक अगस्‍त को कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 100 रुपए की बड़ी कटौती हुई है। इस बदलाव के कारण नई दिल्‍ली में एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1680 रुपए हो गई है। इससे पहले चार जुलाई को बढ़ोतरी के साथ 1780 रुपए कमर्शियल गैस सिलेंडर हो गया था।

महानगरों में कमर्शियल LPG की कीमतें
अन्य महानगरों की बात करें तो कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर 1895.50 रुपए की बजाए अब 1802.50 रुपए में मिलेगा। इसके बाद मुंबई में 1733.50 रुपए की जगह अब 19 किलो का गैस सिलेंडर 1640.50 रुपए हो गए है। वहीं, चेन्नई में 1945 रुपए का मिलने वाला सिलेंडर 92.50 रुपए की कटौती के साथ अब 1852.50 रुपए में मिलेगा। कोलकाता और मुंबई में गैस सिलेंडर के दाम में 93 रुपये की कटौती हुई है।

अन्य प्रमुख शहरों में नए रेट्स
बिहार की राजधानी पटना में 2,055 रुपए की जगह अब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 1962 रुपए में मिलेगा। चंडीगढ़ में इसकी कीमत 1792 रुपए से घटकर 1699.50 रुपए हो गई है। हालांकि, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इसकी कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

घरेलू रसोई गैस की कीमत में नहीं हुआ बदलाव
घरेलू रसोई गैस यानी 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पिछली बार 1 मार्च 2023 के बाद कोई बदलाव नहीं हुआ है। मार्च की पहली तारीख को इसकी कीमत में करीब 50 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। इस बढ़ोतरी के साथ दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला सिलेंडर 1103 रुपए का हो गया था।