बीते कुछ दिनों से देश के कई राज्यों में लगातार बारिश हो रही है। इस मानसूनी बारिश से कई जगहों पर भारी तबाही भी मची है। उत्तराखंड, हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश की वजह से लैंडस्लाइड की घटनाएं बढ़ गई है। असम का एक बड़ा हिस्सा बीते कई दिनों से बाढ़ की चपेट में है। दिल्ली, मुंबई, गुरुग्राम जैसे हाईटेक सिटी में बारिश के बाद जलजमाव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इस बीच गुरुवार सुबह-सुबह दिल्ली-NCR में फिर तेज बारिश हुई। इससे सुबह-सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों की मुसीबतें बढ़ गई। दिल्ली में हुई बारिश से कई इलाकों में सड़कों पर पानी जमा हो गया। जिससे आवाजाही भी प्रभावित हुई। इधर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने नई भविष्यवाणी जारी की है। जिसके अनुसार 30 जून यानी की कल से बारिश की रफ्तार में कमी आ सकती है।
– गुरुवार सुबह-सुबह दिल्ली के कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिली। तस्वीरें 10 जनपथ से हैं।- दिल्ली: राजधानी दिल्ली के कुछ जगहों पर बारिश हो रही है। (वीडियो कावेरी अपार्टमेंट से है)
– उत्तर प्रदेश: तेज बारिश के बाद नोएडा के कुछ हिस्सों में जलभराव।
दिल्ली में 4 जुलाई तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में आज आंधी के साथ तेज बारिश हो सकती है। जो कई इलाकों में शुरू भी हो चुकी है। आईएमडी की माने तो दिल्ली में 4 जुलाई तक बिजली कड़कने के साथ झमाझम बारिश होने के आसार है। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। यूपी के 31 जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग की ओर से इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ी राज्यों में आफत बनी बारिश
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में बारिश आफत बनकर बरस रही है। हिमाचल में सतलज नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शिमला, मंडी में लैंडस्लाइड हो रही है। जिसके चलते लोगों को लंबे जाम का सामना करना पड़ रहा है।
जम्मू कश्मीर में भी बारिश की वजह से ऐसे ही हालात बने हुए हैं। उत्तराखंड में गुरुवार (29 जून) के लिए विभाग ने कुछ इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में झमाझम बारिश होने की संभावना है। जम्मू कश्मीर में बारिश से अमरनाथ यात्रा पर भी प्रभावित हो सकती है।
अन्य राज्यों के मौसम का हाल
मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी के अनुसार राजस्थान, गुजरात, कोंकण, गोवा, केरल और माहे में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश और विदर्भ के अलग-अलग जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताई गई है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, झारखंड बारिश की संभावना है। बिहार के कई इलाकों में बारिश हो सकती है।