Thursday, September 25

सिरोंज-लटेरी, गंजबासौदा और कुरवाई विधानसभा क्षेत्र

 

विदिशा. विधानसभा चुनावों के मद्देनजर विदिशा की जनता के मन की थाह लेने किए गए दौरे के दूसरे चरण में तीन विधानसभा क्षेत्रों सिरोंज-लटेरी, गंजबासौदा और कुरवाई को छुआ। सिरोंज-लटेरी जिला मुख्यालय से सबसे दूर नजर आए। सिरोंज 87 तो लटेरी 100 किमी के करीब। कुछ गांव इससे भी ज्यादा दूर। यहां की नदियां अधिकांश खत्म सी हैं। खेती ही मुख्य धंधा है, लेकिन कृषि मंडी की समस्याओं, जिला बनाने और रेलवे लाइन बिछाने की मांग अरसे से पूरी नहीं हो रही। शुरुआत सिरोंज की कृषि उपज मंडी में व्यापारियों व किसानों से बात कर की। अनाज व्यापार संघ के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश मित्तल बोले, सिरोंज का व्यापार मंडी से ही है, लेकिन मंडी में छोटा परिसर है। जाम लगता है। अनाज की नीलामी बाहर करनी पड़ती है। इस्लामनगर के किसान इमाम खां ने कहा,किसान का अनाज सस्ता बिक रहा है। लागत तक नहीं निकल रही।

गांवों में पानी-सड़क की समस्या
इसके बाद गंजबासौदा विधानसभा क्षेत्र के ग्यारसपुर पहुंचे हम। थाने के सामने कपड़ा दुकान पर त्योंदा के दीपक प्रजापति बोले, बासौदा से भी बड़ा अस्पताल त्योंदा में बनाया, पर डॉक्टर-नर्स नहीं मिलते। विजय श्रीवास्तव बोले, ग्यारसपुर में नगर परिषद की मांग काफी समय से है। अनाज मंडी भी बने, पर्यटन में संभावनाएं हैं। गौडख़ेड़ी पठार के प्रीतमसिंह बोले, गांव में पानी-सड़क की समस्या है। कुरवाई विस क्षेत्र के देहरी जागीर में चाय दुकान पर हसन खां, फहीम खां, शाहरुख कुरैशी बात करते मिले। अमीन कुरैशी बोले- योजनाओं का लाभ लोगों को मिला है। वाजिब 2-3% योजनाओं से दूर हैं। रोजगार, बिजली, खेती, उद्योग भी मुद्दे हैं। साबिर खां बोले-100 बीघा जमीन वालों को आवास मिले हैं, टपरे वाले वहीं हैं।

बिना चढ़ावा नहीं मिलता पात्रों को लाभ
प्रियंक जैन बोले, यहां स्थानीय मुद्दे ही अहम हैं, राममंदिर, संसद भवन, धारा 370 का असर नहीं पड़ता। इकबाल खां ने कहा, सिरोंज-लटेरी को मिलाकर जिला बनाना जरूरी है। रेलवे लाइन बिछे तो व्यापार बढ़ेगा। पामाखेड़ी के राजकुमार सोनी बोले, सरकारी योजनाएं अच्छी हैं, लेकिन बिना लेन-देन लाभ नहीं मिलता। पीएम आवास के लिए 20-25 हजार दो, तब मिलता है। हिनौतिया के हिम्मतसिंह ने कहा, काम तो हुआ है, सड़कें बनी हैं।