Thursday, September 25

लोकतंत्र हमारी आत्मा, पाक पर प्रहार, आतंकवाद मानवता का दुश्मन…बाइडन संग स्टेट डिनर में पीएम मोदी की 10 बड़ी बातें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमरीका की ‘स्टेट विजिट’ पर हैं। पीएम मोदी ने गुरुवार (22 जून ) को अमरीकी संसद (US Congress) के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय मूल्यों, भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं और हमारी संस्कृति के गौरव से भरे हुए भारतीय मूल के लोगों को अमरीका में निरंतर मान-सम्मान मिला है। पीएम मोदी ने कहा कि क्रॉस बॉर्डर आतंकवाद को समाप्त करने के लिए ठोस कार्रवाई जरुरी है। इस दौरान पीएम मोदी ने आर्थिक विकास, कोविड वैक्सीनेशन और महिला सशक्तिकरण के मामले में भारत की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि आज भारत और अमरीका साथ मिलकर समुद्र से लेकर अंतरिक्ष तक, कारोबार, कृषि, वित्त, और स्वास्थ्य सेवा में काम कर रहे हैं। आइए जानते पीएम मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें…

1. लोकतंत्र हमारी रगों में
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोग कहते हैं नहीं, बल्कि भारत एक लोकतंत्र है। जैसा कि राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा है कि भारत और अमरीका दोनों के डीएनए में लोकतंत्र है। मुस्लिम अल्पसंख्यकों को लेकर पूंछे गए एक सवाल के जवाब में प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र हमारी रगों में है और जाति, पंथ एवं धर्म के आधार पर किसी के साथ भेदभाव का कोई सवाल ही नहीं है। हमारी सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के सिद्धांत पर चलती है।

2. भारत में किसी भी जगह भेदभाव नहीं
पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र में जाति, पंथ, धर्म किसी भी भेदभाव को जगह नहीं होती। आप लोकतंत्र की बात करते हैं, यदि मानव मूल्य नहीं हैं, मानवता नहीं है, मानवाधिकार नहीं है तो वह लोकतंत्र है ही नहीं। उन्होंने कहा कि भारत सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के मूलभूत सिद्धांतों को साथ लेकर चल रहा है। ऐसे में भेदभाव का कोई सवाल ही नहीं उठता है।

3. यूक्रेन युद्ध पर बातचीत से समाधान जरूरी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यूक्रेन और रूस के युद्ध से यूरोप पर युद्ध का संकट बढ़ रहा है। इसमें कई शक्तियां शामिल हैं। युद्ध के कारण विकासशील देश प्रभावित हुए हैं। यूएन चार्टर के मुताबिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान और दूसरों की संप्रभुता का सम्मान होना चाहिए। मैंने खुलकर और जाहिर तौर पर कहा है कि यह युद्ध का दौर नहीं है, बल्कि बातचीत और कूटनीति का दौर है। पीम मोदी ने कहा कि हमें लोगों को हो रही पीड़ा को मिलकर रोकना चाहिए।

4. पाकिस्तान को कड़ा संदेश
पीएम मोदी ने पाकिस्तान को सीधा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भारत और अमरीका आतंकवाद और कट्टरवाद से लड़ने में एक साथ खड़े हैं। आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। हम सहमत हैं कि क्रॉस बॉर्डर टेररिज्म को समाप्त करने के लिए ठोस कार्रवाई जरूरी है। पीएम मोदी ने इस बात पर जोर डाला कि भारत और अमरीका आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में सहयोग करते मजबूत संबंध बना रहे हैं।

5. भारत जल्द बनेगा दुनिया की तीसरी बड़ी इकोनॉमी
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया की आबादी का छठा हिस्सा भारत में रहता है। भारत विश्व के दूसरे देशों को प्रेरित कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। जल्द ही तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। भारत विकास करता है तो दुनिया विकास करती है।

6. आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन
पीएम मोदी ने आतंकवाद को मानवता का दुश्मन करार देते हुए कहा कि 9-11 का हमला और 26-11 के हमले के बाद आतंकवाद एक बड़ी चिंता बन गया है। उन्होंने कहा कि हमले के एक दशक से ज्यादा समय के बाद भी अब तक कट्टरवाद और आतंकवाद पूरी दुनिया के लिए एक गंभीर खतरा बना हुआ है। यह लगातार बढ़ रहा है इसको खत्म करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ये विचारधाराएं नई पहचान और नया रूप लेती रहती हैं। आतंकवाद को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ हमें मिलकर लड़ना चाहिए।

7. सस्ते इंटरनेट की क्रांति से हर भारतीय को मिला फायदा
पीएम मोदी ने कहा कि भारत में सस्ते इंटरनेट की क्रांति से काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। बीते नौ साल में हमने एक अरब लोगों को तकनीक से जोड़ा है। 10 करोड़ किसानों के खातों में पैसा पहुंचाया जा रहा है। 85 करोड़ लोगों को डीबीटी से पैसा मिल रहा है। भारत में सस्ते इंटरनेट का फायदा हर भारतीय को मिल रहा है। भारत में हर कोई मोबाइल से लेन-देन कर रहा है। पिछले 9 सालों में एक अरब लोगों को उनके बैंक खातों और मोबाइल फोन से जुड़ी अद्वितीय डिजिटल बायोमेट्रिक पहचान मिली है।

8. भारत में महिलाओं की स्थिति बेहतर
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज के समय में भारत में महिलाओं की स्थिति बेहतर हुई है। मौजूदा समय में महिलाएं बेहतर भविष्य का नेतृत्व कर रही हैं। आज भारत में 15 महिलाएं चुनी हुईं प्रतिनिधि हैं। इसका उदाहरण यह है कि आदिवासी समाज से भारत में राष्ट्रपति हैंं। इतना ही नहीं 15 लाख महिलाएं अलग-अलग स्तर पर नेतृत्व कर रही है। देश की सेनाओं में भी उनकी भागीदारी में काफी वृद्धि हुई है। सबसे ज्यादा महिला पायलट भारत में हैं।

9. भारत लोकतंत्र का जननी
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और अमरीका दोनों ही महान लोकतांतित्रक देश है। दोनों देशों के लोकतंत्र से गहरे संबंध हैं। अमरीका अगर सबसे पुराना देश है तो भारत सबसे बड़ा लोकतंत्र है। भारत लोकतंत्र की जननी है। हम आजादी के 75 साल का जश्न मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत और अमरीका के संबंधों पर महात्मा गांधी और मार्टिन लूथर का प्रभाव है। दो सदी तक हमने एक-दूसरे को प्रभावित किया है।

10. प्रधानमंत्री ने सुनाई अपनी लिखी हुई कविता
प्रधानमंत्री मोदी ने अमरीकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित कहा कि यह 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। भारत का सबसे अहम डिफेंस पार्टनर अमरीका है। इस दौरान पीएम मोदी ने अपनी लिखी कविता भी सुनाई।
आसमान में सिर उठाकर घने बादलों को चीरकर,
रोशनी का संकल्प लें, अभी तो सूर्य उगा है,
दृढ़ निश्चय के साथ चलकर,
हर मुश्किल को पार कर घोर अंधेरे को मिटाने,
अभी तो सूर्य उगा है।