अरब सागर से उठा चक्रवाती तूफान बिपरजॉय आज भारी तबाही मचा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार यह तूफान आज गुजरात के तट से टकराएगा। गुरुवार 15 जून दोपहर तक बिपरजॉय के गुजरात के तट से टकराने की संभावना है। IMD की चेतावनी के अनुसार बिपरजॉय चक्रवात 15 जून की देर शाम तक “बहुत प्रचंड चक्रवातीय तूफान” की शक्ल में लैंडफॉल करेगा। गुजरात के मांडवी से पाकिस्तान के कराची समुद्र तट के बीच करीब 325 किलोमीटर के तटीय क्षेत्र में भारी बारिश का अनुमान है। 125 से लेकर 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तीव्र हवाएं चल सकती हैं। इस तूफान से बचाव के लिए तटीय इलाकों से 74 हजार लोगों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया है। 442 गांवों में अलर्ट किया गया है। पढ़िए चक्रवाती तूफान से जुड़े मेजर अपडेट्स।
IMD के अनुसार गुजरात के द्वारका, जामनगर, पोरबंदर, मोरबी, राजकोट, जूनागढ़, अमरेली, भावनगर, गिर सोमनाथ और कच्छ ज़िले में अगल 3 घंटे में मध्यम बारिश (5-15 मिमी/घंटा) और हल्की गरज के साथ 40 किमी प्रति घंटे से कम रफ्तार की हवाओं के होने की संभावना है।
– चक्रवात बिपरजॉय पर NDRF IG एन. एस बुंदेला ने कहा कि NDRF की 18 और SDRF की 12 टीमें तैनात हैं। हमारे साथ IMD समय-समय पर जानकारी साझा कर रहा है। हमने 94,000 लोगों को प्रभावित इलाकों से हटाया है। कमज़ोर बिल्डिंग, खंबे, पेड़ से इससे प्रभावित होंगे। हम अभी नुकसान का अंदाज़ा नहीं लगा सकते। एयरलिफ्ट के लिए हमने 15 टीमों को अलग-अलग स्थानों पर रखा है।
– भुज के SP करण राज वघेला ने बताया कि हमने सभी गांव को खाली कराया है और करीब 50,000 लोगों को सुरक्षित निकाला है और शेल्टर होम की व्यवस्था की है। सभी शेल्टर होम पर पुलिस, मेडिकल, खाने, पीने की व्यवस्था की है। हमारे पास NDRF, SDRF, मरीन, BSF, सेना की टीमें तैनात हैं। पूर्वी और पश्चिम कच्छ में किसी के हताहत होने की खबर नहीं आई है।
– एनडीआरएफ गांधीनगर के डिप्टी कमांडेंट अनुपम ने बताया कि टीमें निचले इलाकों का जायजा ले रही हैं। राहत कार्य किए जा रहे हैं। शाम 4-8 बजे तक इसका असर सबसे ज्यादा रहेगा। चक्रवात के लिए हमें अलग तरह से तैयारी करनी पड़ती है। इसमें कटिंग का काम ज्यादा होता है।
– IMD दिल्ली के महानिदेशक डॉ मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि चक्रवात बिपरजॉय पाकिस्तान के आस-पास जा रहा है। हम क्षेत्रीय विशिष्ट मौसम विज्ञान केंद्र होने के बाद भी पाकिस्तान को हर 3 घंटे में बढ़ते तूफान, बारिश, मार्ग, तीव्रता के बारे में नियमित रूप से जानकारी और सलाह दे रहे हैं।
– डॉ मृत्युंजय महापात्र ने आगे बताया कि मुंबई से दूरी अधिक होने की कारण बिपरजॉय का असर मुंबई में खास नहीं होगा। इसका प्रभाव गुजरात और राजस्थान में अधिक होगा। राजस्थान में 16-17 जून को भारी बारिश हो सकती है और हवाओं की रफ्तार 50-60 किमी प्रति घंटे की रहने का अनुमान है।
IMD महानिदेशक ने कहा- यह अति गंभीर चक्रवाती तूफान, शाम तक पहुंचेगा तट
IMD महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने गुरुवार को कहा, “चक्रवात बिपरजोय सौराष्ट्र, कच्छ की तरफ बढ़ रहा है। यह जखाऊ से करीब 180 किमी की दूरी पर है। इसकी हवाओं की रफ्तार 125-135 किमी प्रति घंटे रफ्तार से चल रहा है। यह शाम तक तट पर पहुंचेगा। यह अति गंभीर चक्रवाती तूफान है। इसकी वजह से पेड, छोटे मकान, मिट्टी के घर, टिन के घरों को नुकसान हो सकता है।”
115 से 125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से लैंडफॉल
आईएमडी महानिदेशक ने आगे कहा कि चक्रवात जब कराची और मांडवी के बीच तट को पार करेगा तब हवा की गति 115-125 किमी प्रति घंटा रह सकती है। ये गति एक VSCS(बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान) की गति है। इसके प्रभाव के कारण नुकसान हो सकता है। आज पूरे दिन समुद्र में ऐसी(ऊंची लहरें) ही स्थिति रहेगी।
गुजरात के तटीय इलाकों में उठ रहीं ऊंची लहरें
चक्रवात बिपरजॉय के प्रभाव के कारण गुजरता के मांडवी, पोरबंदर, द्वारका में तेज हवाओं के साथ समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। द्वारका में चक्रवात बिपोरजॉय के प्रभाव में समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। द्वारका केभड़केश्वर महादेव मंदिर के पास का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें समुद्र में ऊंची लहरें उठती नजर आ रही है।
चक्रवात के टकराने से पहले तटीय इलाकों में मूसलाधार बारिश
मौसम विभाग की चेतावनी है कि भारत की पश्चिमी तटरेखा से जुड़े इलाकों में सड़कों पर पानी भर जाएगा, फसलों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है और कुछ घर भी तबाह हो सकते हैं। समुद्र में दो से तीन मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं। चक्रवात के जमीन पर उतरने से पहले ही तटीय इलाकों में मूसलाधार बारिश शुरू हो चुकी है।
स्कूलों में छुट्टियां घोषित, दर्जनों ट्रेन रद्द
इस तूफान के कारण रेलवे सेवा के भी प्रभावित होने का अनुमान है। गुजरात सरकार के मुताबिक, प्रदेश के आठ जिले चक्रवात से प्रभावित हो सकते हैं। स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। लोगों के समंदर किनारे जाने पर पाबंदी लगा दी गई है। चक्रवात बिपरजॉय की वजह से द्वारकाधीश मंदिर को आज श्रद्धालुओं के लिए बंद किया गया है। तस्वीरें मंदिर के बाहर की हैं।
द्वारकाधीश मंदिर बंद, राजकोर्ट एयरपोर्ट पर आवाजाही रुकी
मछली पकड़ने पर भी 16 जून तक रोक लगा दी गई है। गुजरात की तटरेखा पर बने प्रमुख बंदरगाहों और तेल संयंत्रों में काम रोक दिया गया है। साथ ही आज द्वारकाधीश मंदिर को बंद रखा गया है। चक्रवात की वजह से गुजरात आने-जाने वाली 100 से ज्यादा ट्रेनों को रद्द किया गया है। राजकोट एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही रोकी गई. स्कूल कॉलेज भी एहतियातन बंद किए गए हैं।
पाकिस्तान में 62 हजार लोग किए गए शिफ्ट
दूसरी ओर पाकिस्तान में भी बेहद जोखिम वाले इलाकों से लगभग 62 हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया है। स्कूलों और सरकारी इमारतों में राहत शिविर बनाए गए हैं, ताकि चक्रवात के कारण बेघर और विस्थापित हुए लोगों को शरण दी जा सके। भारत में इस तूफान का असर गुजरात और महाराष्ट्र समेत 9 राज्यों पर पड़ने का असर है। केंद्र और राज्य सरकारें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
गुजरात के 8 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट
बिपरजॉय महातूफान को लेकर सौराष्ट्र और कच्छ समेत गुजरात के आठ जिलों में आज गुरुवार (15 जून) बाढ़ बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। 74 हजार लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया गया. सेना, नौसेना, एयरफोर्स के अलावा NDRF की 33 टीमें लगाई गई हैं।
गुजरात के मंत्री बोले- नुकसान कम से कम हो इसकी तैयारी
गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि 47 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। लोगों को हर प्रकार की सुविधा दी जा रही है। गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमें से 270 महिलाओं की डिलवरी हो गई है। सभी टीमें सुनिश्चित कर रही हैं कि नुकसान कम से कम हो।गुरवार को गांधीनगर में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल चक्रवात ‘बिपरजॉय’ पर समीक्षा बैठक के लिए राज्य आपातकालीन अभियान केंद्र पहुंचे।