छतरपुर. छतरपुर दौरे के दूसरे दिन पूर्व सीएम और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और खनिज मंत्री ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह पर सीधा हमला बोला है। दिग्विजय सिंह ने वीडी शर्मा पर जहां अवैध उत्खनन की बिजनेस कंपनी चलाने का आरोप लगाया है तो वहीं खनिज मंत्री को इसमें पार्टनर बताया है। बता दें कि दिग्विजय सिंह आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इन दिनों प्रदेश के अलग अलग जिलों में कार्यकर्ताओं की बैठक ले रहे हैं।
बिजनेस कंपनी चला रहे वीडी शर्मा- दिग्विजय
छतरपुर प्रवास के दूसरे दिन दिग्विजय ने चंदला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक के बाद दिग्विजय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा और खनिज मंत्री ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह पर सीधा हमला बोला। दिग्विजय का आरोप है कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अवैध खनन की बिजनेस कंपनी चला रहे हैं। हर जिले में उनके सीईओ हैं जो वसूली का काम कर रहे हैं। पन्ना में उनकी खनिज मंत्री ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह से पार्टनशिप है, चंदला में भी उनकी पार्टनशिप काम कर रही है। दिग्विजय ने आरोप लगाया कि पन्ना व चंदला क्षेत्र में सैकड़ो जगह मशीनों से अवैध उत्खनन हो रहा है। उन्होंने कहा कि मेरा आरोप है कि खनिज मंत्री ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह व खजुराहो संसद सदस्य वीडी शर्मा का अवैध उत्खनन में हिस्सा है, पार्टनरशिप है।
धान खरीदी पर भी लगाए गंभीर आरोप
दिग्विजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आरोप लगाते हुए कहा कि कहा अजयगढ़ में बहादुर गंज सहकारी समिति में 1642 क्विंटल धान निजी तौर पर खरीदा गया, जिसका 35 लाख 52 हज़ार रुपए किसानों को आज तक नहीं मिला। उन्होंने कहा किसानों का पैसा खाने वाले मंत्री व सांसद के साथ घूमते हैं। इन लोगो के पास एजेंसी है, किसी के पास खाद विभाग की है तो किसी के पास खनिज की। ये मल्टी लेवल कॉरपोरेट कम्पनी संसदीय क्षेत्र में चल रही है। मेरा आरोप है कि मंत्री ब्रजेन्द्र सिंह व सांसद वीडी शर्मा अवैध वसूली कर रहे है और करा रहे हैं।