Tuesday, September 23

फिर पलटे दीपक जोशी! रात के अंधेरे में भाजपा नेता से मिलने पहुंचे पूर्व मंत्री

इंदौर. भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने फिर पलटी मारी है। बीजेपी से नाता छोड़कर कांग्रेस में जाने का बयान देने के बाद भी लगता है कि वे पार्टी में बने रहने की संभावनाएं भी टटोल रहे हैं। इसके लिए दीपक जोशी बीजेपी नेताओं से भी मिल रहे हैं।

पूर्व मंत्री दीपक जोशी गुरुवार को देर रात अचानक इंदौर पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे से चर्चा की। बीजेपी सूत्रों के अनुसार दीपक जोशी ने अपने असंतोष और राजनैतिक हालातों पर विस्तार से चर्चा की। वे लगभग 2 घंटे तक भाजपा कार्यालय में रहे।
भाजपा कार्यालय से बाहर निकलने के बाद वह मीडिया से बचते हुए यहां से रवाना हो गए। जोशी ने कांग्रेस में जाने या नहीं जाने से जुड़े किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। इससे पहले दिन में जोशी ने मीडिया से कहा था कि मुझे पुलिस ने देवास में फंसाने की कोशिश की। मेरे पास इसका प्रमाण है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में इसका खुलासा करूंगा।
रात के अंधेरे में बीजेपी कार्यालय जाने और नेताओं से बातचीत के बाद उनका गुस्सा कुछ कम हुआ है। पदाधिकारियों की मानें तो जोशी की राव से सकारात्मक चर्चा हुई है। पदाधिकारियों के मुताबिक जोशी को मनाने के लिए भाजपा प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव इंदौर आने वाले थे, लेकिन नहीं आए। हालांकि नगर अध्यक्ष रणदिवे ने जोशी की उनसे फोन पर चर्चा कराई।
क्यों खफा हैं जोशी
पिछले चुनाव में हार के बाद उन्हें धीरे—धीरे साइडलाइन किया गया। पूर्व मंत्री को पार्टी ने राज्यसभा में भेजने का वादा किया, केबिनेट मंत्री बनाने या अन्य कोई सम्मानजनक पद देने का भी आश्वासन दिया लेकिन इसे पूरा नहीं किया। जोशी खासतौर पर सीएम शिवराजसिंह चौहान से नाराज हैं।