इंदौर. इंदौर में मंगलवार शाम को हुए एक दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। हादसा शहर के बाणगंगा इलाके में उस वक्त हुआ जब एक बेकाबू क्रेन सामने चल रहे बाइक सवारों के लिए काल बन गई और दो बाइकों को कुचल दिया। घटना में चार लोगों की मौत हुई है जबकि एक महिला गंभीर रुप से घायल है। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं।
बेकाबू क्रेन बन गई काल
जानकारी के मुताबिक क्रेन ब्रिज से उतर रही थी इसी दौरान ब्रेक फेल होने के कारण क्रेन आगे चल रही दो बाइकों को कुचलते हुए आगे निकल गई। हादसा इतना भयंकर था कि तीन बच्चों सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, सभी के शव बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुके थे। एक महिला गंभीर रुप से घायल हुई है जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार परिवार शादी में शामिल होकर लौट रहा था। मृतकों में तीन एक ही परिवार के सदस्य हैं। मृतकों के नाम रितेश किशोर (उम्र-16 साल), शरद किशोर (उम्र-6 साल), राम चंगीराम (उम्र-13 साल) और सुनील परमार (उम्र-56 साल) बताए गए हैं। सभी मृतक कावेरी नगर के निवासी थे।
मदद को दौड़ पड़े लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर मारने के बाद भी क्रेन मौके पर नहीं रुकी और काफी दूर तक आगे बढ़ती चली गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोग घायलों को बचाने दौड़ पड़े लेकिन, तब तक उन्होंने दम तोड़ दिया था। हादसे में एकमात्र घायल महिला शारदा दिनेश किशोरे (40) की सांसें चल रही थीं। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। अपर कलेक्टर अजयदेव शर्मा के अनुसार क्रेन ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। क्रेन के ब्रेक फेल होने की बात सामने आ रही है।