लुधियाना के एक रिहायशी इलाके में रविवार को एक फैक्ट्री से गैस का रिसाव होने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और कई लोग बीमार हो गए। बताया जा रहा है करीब 10 लोग बेहोश हो गए हैं। कई लोगों ने सांस लेने में तकलीफ की शिकायत भी दर्ज कराई है। मौके पर NDRF की टीम को बुलाया गया है। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। और स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सांस लेने में दिक्कत की शिकायत करने वाले करीब 10 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। गैस पीड़ितों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। साथ ही इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत है। कुछ लोग जान बचाने के लिए अपने अपने घरों से बाहर आ गए। लुधियाना ADCP समीर वर्मा ने बताया कि, हमें गैस लीक होने की सूचना मिली। हादसे में 5-6 लोगों की मृत्यु हुई है। 5-6 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। इस क्षेत्र को सील किया जा रहा है। मौके पर NDRF की टीम को बुलाया गया है।
लुधियाना के ग्यासपुरा एरिया में गैस लीक की घटनाएं गाहे-बगाहे होती रहती हैं। 1 नवम्बर 2022 को ग्यासपुरा एरिया में ही आक्सीजन प्लांट में कार्बन डाईआक्साइड गैस लीक हुई थी। इससे पहले जून 2015 को दोराहा में पुल के नीचे टैंकर फंसने से अमाेनिया गैस का रिसाव हुआ था, इसमें छह लोगों की मौत हो गई थी और 100 लोगों की इससे तबियत बिगड़ गई थी।
पंजाब के ग्यासपुरा में हुई गैस रिसाव पर राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा, लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में फैक्ट्री से गैस रिसाव की घटना बेहद दुखद है। पुलिस, सरकार और NDRF की टीम मौके पर मौजूद है। हर संभव मदद की जा रही है।