Tuesday, September 23

सीएम हाउस में होली की मस्ती, शिवराज ने गाए फाग गीत, लोगों पर उड़ाया रंग

भोपाल। सीएम हाउस में इस बार भी होली की मस्ती देखने को मिली। बड़ी संख्या में आए भाजपा नेताओं के साथ कांग्रेस नेताओं ने भी होली की मस्ती की। सीएम शिवराज सिंह ने कार्यकर्ताओं पर गुलाल उड़ाया। ढोलक की थाप पर फाग गीत भी गाए। सभी लोग होली के रंगों से सराबोर थे।

पूरे प्रदेश में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री निवास में बुधवार को आयोजित होली मिलन समारोह में शिवराज सिंह चौहान के साथ ही भाजपा नेता, अधिकारियों और नागरिकों ने उल्लासपूर्वक होली खेली। इस मौके पर भाजपा के कई प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, भोपाल के पूर्व महापौर आलोक शर्मा, पूर्व सांसद आलोक संजर समेत बड़ी संख्या में मंत्री मौजूद थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस मौके पर फाग गीत गाए। उनके साथ पत्नी साधना सिंह भी मौजूद थी। सीएम ने फाग गीत ‘ मोरी बहू हिरानी है, ए भैया मिले बता दइयों…।’ गाकर जमकर होली की मस्ती की।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। चौहान ने ट्वीट संदेश में कहा है कि यह पर्व आपके जीवन में सुख-समृद्धि, आनंद के नए रंग घोले, यही कामना करता हूं। मुख्यमंत्री ने ट्वीट पर एक कविता भी पोस्ट की है, जिसमें लिखा है कि खुशियों का गुलाल उड़े, स्नेह की वर्षा हो। हर हृदय में सद्भाव का भाव गूंजित हो। सौहार्द्र के आकाश में बांसुरी की मीठी धुन हो। रंगों को भी प्रेम के रंग में रंग दें, ऐसी होली हो।

होली की मस्ती में नजर आए दिग्गज नेता

सीएम हाउस की होली में भाजपा के कई दिग्गज नेता भी शामिल हुए। इसमें पूर्व प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा हर बार की तरह गीत-संगीत पार्टी के साथ नजर आए। साथ ही पूर्व भाजपा सांसद आलोक संजर, रायसेन की सिलवानी सीट से भाजपा के विधायक रामपाल सिंह भी होली खेलते हुए दिखे। पूर्व महापौर आलोक संजर भी लोगों को गुलाल लगा रहे थे।

कांग्रेस विधायक भी सीएम हाउस में

इधर, कमलनाथ सरकार के वक्त मंत्री रहे एवं भोपाल से कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा भी मुख्यमंत्री निवास पर होली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने सीएम शिवराज सिंह चौहान के साथ होली खेली। पीसी शर्मा ने मीडिया से कहा कि होली एक ऐसा त्योहार है, जो गिले-शिकवे दूर कर देता है। राजा और रंक को एक ही रंग में रंग देता है। इधर, पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं।