जयपुर। प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने में भले ही अभी 9 महीने का समय बाकी हो लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे विधानसभा चुनाव के रण से पहले ही जन्मदिन के बहाने अपना शक्ति प्रदर्शन करके पार्टी नेतृत्व का ध्यान आकर्षित करना चाहती हैं। वसुंधरा राजे आज चूरू के सालासर धाम में अपना जन्मदिन मना रही हैं, जहां पर पूजा अर्चना करने के बाद फागोत्सव कार्यक्रम में भीड़ जुटाकर अपना शक्ति प्रदर्शन करेंगी। वसुंधरा समर्थक नेताओं का दावा है कि राजे के जन्मदिन कार्यक्रम में एक लाख से ज्यादा लोग प्रदेशभर से जुटेंगे। पिछले 1 सप्ताह से वसुंधरा राजे समर्थक नेता जन्मदिन की तैयारियों में जुटे हुए थे। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का जन्मदिन 8 मार्च को आता है लेकिन इस बार होली पर्व को देखते हुए राजे आज ही अपना जन्मदिन मना रही हैं।
पहले पार्टी कार्यक्रमों से दूरी और अब शक्ति प्रदर्शन
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे लंबे समय से प्रदेश भाजपा के होने वाले कार्यक्रमों से दूरी बनाए हुए थीं। उनके समर्थक भी कार्यक्रमों से दूरी बनाए हुए थे लेकिन अब विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही वसुधा खेमा भी सक्रिय हो गया है। सूत्रों की माने तो वसुंधरा खेमा विधानसभा चुनाव की बागडोर अपने हाथ लेना चाहता है और इसी के मद्देनजर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को शक्ति प्रदर्शन के जरिए अपनी ताकत भी दिखाना चाहते हैं कि जनाधार उनके साथ हैं।
सालासर धाम में जन्मदिन मनाने के सियासी मायने
इधर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की ओर से चूरू के सालासर धाम में जन्मदिन मनाए जाने के कई सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। दरअसल चूरु जिला शेखावाटी का हिस्सा है और वसुंधरा राजे के धुर विरोधी माने जाने वाले प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सतीश पूनिया की जन्मभूमि भी चूरु है तो वहीं विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की कर्मभूमि भी चूरू ही है। राजेंद्र राठौड़ चूरू से लगातार विधायक बनते आ रहे हैं। ऐसे में वसुंधरा खेमे के नेताओं ने राठौड़-पूनिया को सियासी संदेश देने के लिए भी वसुंधरा राजे के जन्मदिन कार्यक्रम को चूरू के सालासर धाम में मनाने का फैसला लिया था।
इससे पहले बीते साल भी पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अपना जन्मदिन केशोरायपाटन में मनाया था, जहां पर हजारों की भीड़ पहुंची थी और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अपने जन्मदिन कार्यक्रम में भीड़ जुटाकर अपनी ताकत का एहसास भी कराया था।
राठौड़-पूनिया पर रहेगी नजर
प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह भले ही पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सालासर धाम जा रहे हों लेकिन पार्टी में वसुंधरा राजे के धुर विरोधी माने जाने वाले नेताओं पर भी सबकी नजर रहने वाली है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सतीश पूनिया वसुंधरा राजे के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होंगे या नहीं, इसे लेकर चर्चाएं खूब हैं।
वसुंधरा गुट के इन नेताओं ने संभाला मोर्चा
वहीं राजे के जन्मदिन कार्यक्रम को लेकर उनके समर्थक माने जाने वाले पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व मंत्री यूनुस खान, राजपाल सिंह शेखावत, विधायक कालीचरण सराफ, प्रताप सिंह सिंघवी, सांसद राहुल कस्वां सहित कई अन्य नेताओं ने वसुंधरा राजे के जन्मदिन कार्यक्रम में शेखावाटी और आसपास के जिलों से ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी ली है।