Wednesday, September 24

VIDISHA में CM का होगा मेगा SHOW

विदिशा. मुख्यमंत्री के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम और तीन संभागों के कार्यक्रम यानी दो अलग-अलग बड़े आयोजनों की मेजबानी के लिए विदिशा तैयार हो रहा है। एक ही दिन होने वाले इन दोनों कार्यक्रमों में प्रदेश के करीब एक लाख से ज्यादा लोगों के शामिल होने का इंतजाम किया जा रहा है। विदिशा के लिए मुख्यमंत्री का यह मेगा शो होगा। अब तक तय कार्यक्रम अनुसार मुख्यमंत्री तीन फरवरी को विदिशा की नई कृषि उपज मंडी परिसर में प्रदेश स्तरीय मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के किसानों के खाते में डालेंगे। इसके साथ ही वे भोपाल, सागर, उज्जैन संभाग के 21 जिलों के दूसरे आयोजन में विदिशा से ही मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के हितग्राहियों को लाभान्वित करेंगे। प्रशासन इस आयोजन में करीब एक लाख लोगों के शामिल होने के मान से इंतजाम करने में जुट गया है।मुख्यमंत्री का यह प्रस्तावित कार्यक्रम पिछली दो बार टल चुका है, लेकिन इस बार उम्मीद की जा रही है कि तीन फरवरी को यह तय है। इसके लिए शनिवार को कलेक्टर उमाशंकर भार्गव और एसपी डॉ मोनिका शुक्ला ने अधिकारियों की टीम के साथ मंडी परिसर का अवलोकन किया और वहां मंच, पंडाल तथा अन्य व्यवस्थाओं के लिए स्थान तय किए।

सात सौ बसें, एक हजार से ज्यादा जीप-कारविदिशा में यह अपने आप में ऐसा पहला आयोजन हो रहा है जो शासन स्तर पर प्रदेश का कार्यक्रम होगा। इसमें उम्मीद की जा रही है कि प्रदेश के करीब एक लाख लोग शामिल होंगे। उसी मान से तैयारी भी की जा रही है। इस आयोजन में प्रदेश के वििभन्न जिलों से करीब 700 से ज्यादा बसें और एक हजार से ज्यादा चार पहिया वाहन इसमें शामिल होने का अनुमान है।

पार्किंग के लिए तलाश रहे जगह

प्रशासन इस आयोजन में आने वाली बसों, जीप-कार तथा अन्य वाहनों की पार्किंग के लिए मुफीद जगह तलाश रहा है। प्रशासन ने इसके लिए नगर के विभिन्न हिस्सों और खासकर बायपास इलाके में 8 जगह चिन्हित की हैं जहां पार्किंग की जा सकती है। यह बड़ा इंतजाम होगा, अन्यथा वाहनों की रेलमपेल से अव्यवस्था फैलती है।

लोकार्पण और शिलान्यास भी होंगे

मुख्यमंत्री के इस बहुप्रतीक्षत कार्यक्रम में मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के सिंगल क्लिक से वितरण और मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के हितग्राहियों को लाभान्वित करने के साथ ही जिले के अनेक निर्माण कार्य का लोकार्पण, शिलान्यास और भूमि पूजन भी होना है। इनमें कंपोजिट भवन के पास बने नए तहसील तथा एसडीएम कार्यालय का लोकार्पण, नए कन्या और बालक छात्रावास भवनों का लोकार्पण सहित लोक निर्माण विभाग द्वारा जिन 10-12 सड़कों का सुदृढ़ीकरण किया जाना है उनका भूमिपूजन तथा अन्य कार्य शामिल हैं।

सीएम सहित कई मंत्री और सांसद होंगें शामिलविदिशा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के इस मेगा शो में प्रदेश के कई मंत्री, जिले से संबंधित दोनों सांसद, विधायक और कई नेता शामिल होंगे। चुनाव के पहले हो रहे इस मेगा शो को सफल बनाने में भाजपा जिला संगठन भी कोई कसर नहीं छोड़ेगा।

तीन फरवरी को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित है। दो कार्यक्रम एकसाथ होंगे, पहला प्रदेश स्तरीय होगा, जिसमें मुुख्यमंत्री किसान सम्मानि निधि को मुख्यमंत्री जी सिंगल क्लिक के माध्यम से किसानों के खाते में डालेंगे। वहीं दूसरे कार्यक्रम में भोपाल, सागर और उज्जैन संभाग के जिलों के मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाना है। आयोजन के लिए नई मंडी परिसर को चिन्हित किया गया है।