Saturday, September 27

असम CM हिमंत बिस्वा बोले, काशी को असम से जोड़ेगा रिवर क्रूज, बढ़ेगा उत्तर पूर्व भारत का पर्यटन

रिवर क्रूज एमवी गंगा विलास आज सुर्खियों में है। पीएम मोदी ने रिवर क्रूज एमवी गंगा विलास को हरी झंड़ी दिखाकर उसे रवाना किया। असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने इस पर खुशी जताते हुए कहाकि,इस रिवर क्रूज से उत्तर पूर्व भारत एक बहुत बड़े पर्यटन मान चित्र में शामिल होगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए यूपी के वाराणसी और असम के डिब्रूगढ़ के बीच दुनिया के सबसे लंबे रिवर क्रूज एमवी गंगा विलास को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने खुशी जताते हुए कहाकि, मैं पीएम नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देना चाहता हूं, क्योंकि आज से जो रिवर क्रूज शुरू हो रहा है, वह काशी को असम से भी जोड़ रहा है। इस क्रूज पर आने वाले यात्रियों को मां कामाख्या मंदिर, काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान और अन्य स्थानों पर जाने का अवसर मिलेगा। रिवर क्रूज एमवी गंगा विलास चार प्रदेश सहित एक देश से गुजारेगा। यह उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश से होकर डिब्रूगढ़ तक जाएगा।

बिहार में पर्यटकों का होगा पारंपरिक स्वागत – तेजस्वी यादव

बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि, रिवर क्रूज एमवी गंगा विलास बिहार के बक्सर, छपरा, पटना, मुंगेर, सुल्तानगंज और कहलगांव से गुजरेगा। प्रत्येक बंदरगाह पर पर्यटकों का पारंपरिक स्वागत किया जाएगा और ऐतिहासिक स्थलों की सैर कराई जाएगी।

एमवी गंगा विलास क्रूज क्या है जानें?

रिवर क्रूज एमवी गंगा विलास यूपी के वाराणसी से चलकर असम के डिब्रूगढ़ तक जाएगा। इस बीच वह पांच राज्यों और बांग्लादेश के कुछ हिस्सों से गुजर कर करीब 3,200 किमी का सफर तय करेगा। इसमें 51 दिन का समय लगेगा। तीन डेक वाला यह जहाज 62 मीटर चौड़ा और 12 मीटर चौड़ा है। राष्ट्रीय जलमार्ग 1 (NW1) को जोड़ने के अलावा, जिसमें ब्रह्मपुत्र पर गंगा और राष्ट्रीय जलमार्ग 2 (NW2) शामिल हैं, क्रूज 27 नदी प्रणालियों को पार करेगा। इसमें सभी लक्जरी सुविधाओं के साथ 36 पर्यटकों की क्षमता वाले 18 सुइट हैं।