Tuesday, September 23

हिमाचल : कांग्रेस नेता विक्रमादित्य पर घरेलू हिंसा का आरोप, गैर-जमानती वारंट जारी

हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के बेटे और कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह के खिलाफ गैर जमानती वॉरंट जारी किया गया है। कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के साथ परिवार के कई सदस्यों के खिलाफ यह वारंट जारी किया गया है। विक्रमादित्य सिंह की पत्नी द्वारा की गई शिकायत के आधार पर यह वारंट जारी हुआ है। हिमाचल कैबिनेट का गठन होने वाला है। खबरों के अनुसार विक्रमादित्य सिंह को भी शामिल किया जाएगा। ऐसे में यह मामला सामने आने के बाद उनके के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
पत्नी सुदर्शना ने दर्ज कराई घरेलू हिंसा की शिकायत
शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह की पत्नी सुदर्शना ने पति और परिजनों पर राजस्थान के उदयपुर कोर्ट में घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई है। सुदर्शना ने यह शिकायत 17 अक्टूबर को दर्ज कराई है। इस मामले में 17 नवंबर को पहली सुनवाई हुई है। इसमें अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी उदयपुर की अदालत ने पति विक्रमादित्य सिंह, सास प्रतिभा सिंह, ननद अपराजिता सिंह, ननदोई अंगद सिंह और चंडीगढ़ निवासी अमरीन को गैर जमानती वारंट जारी किया है। मामले में सभी प्रतिवादियों को 14 दिसंबर को अदालत में पेश होने के लिए कहा गया है

सुदर्शना ने कोर्ट में लगाई ये गुहार

कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह की पत्नी सुदर्शना ने घरेलू हिंसा में महिला संरक्षण अधिनियम की धारा 20 के तहत कोर्ट में शिकायत दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय के बाद घरेलू हिंसा की गई। सुदर्शना ने अदालत से गुहार लगाई है कि ससुराल वालों को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक हिंसा ना हो, इसलिए उसे अलग से रहने के लिए मकान की व्यवस्था करने के आदेश दिए जाएं।

2019 में हुई थी शादी

विक्रमादित्य सिंह की शादी मार्च 2019 में मेवाड़ राजवंश की राजकुमारी सुदर्शना चुंडावत से हुई थी। विक्रामदित्य और सुदर्शना में कुछ समय बाद अनबन हो गई। दोनों लंबे समय से अलग-अलग रह रहे हैं। सुदर्शना ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि शादी के बाद ससुराल में मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना की गई।