मंदसौर.
्रशहर सहित जिले में तापमान का लगातार गिरने का दौर जारी है। इसके चलते ठंड बढ़ती जा रही है। सुबह के समय हल्के कोहरे के बीच कड़ाके की ठंड के साथ लोगों का मार्निग वॉक हो रहा है। नवंबर माह में जहां हल्की ठंड थी तो अब दिसंबर की शुरुआत के साथ ही ठंड का सितम बढ़ता जा रहा है। सुबह व शाम को तापमान कम होने के कारण ठंड अधिक है तो ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन भी बढ़ती जा रही है। आलम तो यह है कि अब दोपहर की धूप भी तीखी नहीं बल्कि सुहावनी लगने लगी है। ग्रामीण अंचल में शहर की अपेक्षा ठंड अधिक है। वहीं मौसम विभाग आने वाले दिनों में ओर भी अधिक ठंड बढऩे की बात कह रहा है। दिसंबर माह के दूसरे पखवाड़े में कंपकपाने वाली ठंड का सामना जिलेवासियों का करना पड़ेगा।
तापमान के उतार-चढ़ाव के बीच बढ़ रही ठंड
प्रदेश के मौसम में उतार.चढ़ाव का दौर चल रहा है। इस बीच ठंड भी बढ़ती जा रही है। सुबह और शाम के समय हवाओं का रुख बदल रहा है। साथ ही सुबह और रात के तापमान में गिरावट भी देखी जा रही है। वहीं, दोपहर के वक्त तेज धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है। सुबह के समय गांवों से शहर की ओर आने वाले सब्जी से लेकर दूध व फूल विक्रेताओं के साथ स्कूली बच्चों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
उत्तर की ठंडी हवाओं के कारण बढ़ रही ठिठुरन
प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने के लिए कई वेदर सिस्टम एक्टिव रहते हैं। लेकिन फिलहाल प्रदेश में कोई वेदर सिस्टम एक्टिव नहीं होने की वजह से उत्तर की तरफ से आ रही ठंडी हवा के कारण ठंड का असर और अधिक तीव्र हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार के बाद कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
दो दिन से पड़ रही अच्छी ठंड, गिर रहा है तापमान
प्रदेश में पिछले दो दिन से अच्छी ठंड पड़ रही है। 1 और 2 दिसंबर को दिन में भी ठंड का एहसास हुआ, जबकि तापमान भी स्थिर रहा। जबकि सुबह और रात के वक्त तो लोग कंपकंपा रहे है। मौसम विभाग का कहना है कि अब प्रदेश का मौसम ऐसा ही रहेगा। क्योंकि 5 दिसंबर के बाद उत्तर से आने वाली हवाओं का स्ट्रांग विंड सिस्टम बनने की पूरी संभावना दिख रही है, जिससे ठंड बढ़ जाएगी। जबकि उत्तर की तरफ से आने वाली सर्द हवाओं के चलते कई जिलों में शीतलहर चलने की भी संभावना है।
इस वजह से बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग का कहना है कि केवल उत्तर भारत की तरफ से आने वाली हवाओं की वजह से ही तापमान नहीं गिर रहा है, बल्कि अब मौसम भी शुष्क हो रहा है। हालांकि अभी तक हिमालय पर बर्फबारी नहीं हुई है। केवल ईरान की तरफ से आ रही सर्द हवाओं के चलते तापमान में गिरावट हो रही है, लेकिन अब 5 दिसंबर से अच्छी ठंड होने की उम्मीद है। तब न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। तब रात का पारा अधिकांश इलाकों में आठ डिग्री के नीचे जा सकता है। फिलहाल रात का तापमान 10 डिग्री के आसपास बना हुआ है। तापमान कम होने के साथ कड़ाके की ठंड होगी। अब तक रात का तापमान १० डिग्री से नीचे ९ डिग्री तक दो बार ही पहुंचा है।