Tuesday, September 23

राहुल गांधी ने कसा भाजपा पर तंज, बोले – सीताराम और सियाराम क्यों नहीं कहते ?

आगर मालवा. राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के तहत आयोजित जनसभा में भाजपा पर तंज कसते हुए आड़े हाथों लिया है, उन्होंने भाजपा और संघ पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के लोग जय श्री राम कहते हैं, कभी सीताराम और सियाराम क्यों नहीं कहते हैं।

भारत जोड़ो यात्रा शुक्रवार शाम आगर पहुंची। राहुल गांधी ने जिला मुख्यालय पर जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा। सीताराम, सियाराम और हे राम का मतलब बताया।

राहुल ने कहा, भाजपा के लोग जय श्रीराम कहते हैं, कभी जय सियाराम और हे राम क्यों नहीं कहते। जिस भाव से राम ने अपनी जिंदगी जी उस भाव से बीजेपी और आरएसएस वाले अपनी जिंदगी नहीं जीते। राम ने समाज को जोडऩे का काम किया। राम ने सभी को इज्जत दी। भगवान राम ने किसानों, मजदूरों, व्यापारियों सभी की मदद की। जो उनके जीने का तरीका है उसको भाजपा के लोग नहीं अपनाते। आरएसएस और बीजेपी के लोग भगवान राम के जीने के तरीके को नहीं अपनाते। वो सियाराम और सीताराम कर ही नहीं सकते, क्योंकि उनके संगठन में महिला नहीं है। उनके संगठन में सीता तो आ ही नहीं सकती, सीता को तो बाहर कर दिया। ये बातें मुझे एक पंडित जी ने सडक़ पर कहीं।

राहुल ने जनता से सवाल किया, आपकी जेब से यह पैसा निकल रहा है तो जा कहां रहा है। यह पैसा दो-तीन अरबपतियों की जेब में जा रहा है। वह अरबपति कुछ भी कर सकते हैं।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, यात्रा रोजाना आमतौर पर 24-25 किमी की होती है, लेकिन आज रेकॉर्ड बन रहा है। यात्रा 28 किलोमीटर चली।

कांग्रेस ने हमेशा देश को भ्रमित किया
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि देश को तोडऩे वालों को साथ लेकर देश जोडऩे का भ्रम फैलाने की कोशिश को जनता जानती है। कांग्रेस ने आजादी से अब तक देश को विभाजन की राह पर ही धकेला है। हम देश की एकता की बात करते हैं और कांग्रेस तोडऩे की। कांग्रेस पेसा एक्ट को लेकर जनजाति समाज के बीच भ्रम फैला रही है। उसने जनजाति समाज को गुमराह करने का काम किया है।