Tuesday, September 23

14 साल बाद दशहरे में हुई तेज बारिश, 20 अक्टूबर तक झमाझम बारिश के आसार

भोपाल। शहर में दशहरे के दिन हिस्सों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। सुबह से ही शहर में बादल छाए रहे और दोपहर में अचानक कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। इस दौरान सिटी क्षेत्र में 21.8 मिमी और बैरागढ़ में 2.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। शहर में बारिश का दौर शुरू होते ही तीन घंटों में शहर का अधिकतम तापमान 5 डिग्री नीचे आ गया। सुबह 11:30 बजे जहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया था, वहीं दोपहर 2:30 बजे 5 डिग्री लुढ़ककर 24 डिग्री पर पहुंच गया। शहर में अगले एक दो दिन मौसम का मिजाज इसी तरह रहने की संभावना है।

शहर में पिछले 14 साल बाद दशहरे के दिन बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार इसके पहले 2008 में इस तरह की स्थिति बनी थी, 9 अक्टूबर 2008 को भी दशहरे के दिन बारिश हुई थी। इसी प्रकार पिछले साल 16 अक्टूबर 2021 को भी दशहरे के अगले दिन शहर में 11 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद दो दिन और बारिश का दौर चला था।

द्रोणिका की वजह से हो रही बारिश

शहर में गुरुवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना है। इसका कारण यह है कि इस समय बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम आगे आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ गया है। यहां से एक द्रोणिका छग, पूर्वी मप्र होते हुए गुजर रही है, इसके कारण बादल, बारिश की स्थिति बन रही है।गुरुवार को भी बादल, बौछारों का सिलसिला जारी रह सकता है।

बारिश के कारण अधिकतम तापमान गिरा

शहर में बारिश का दौर शुरू होते ही तापमान में गिरावट आई है और लोगों को दिन में गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। शहर में बुधवार को अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री रहा, जबकि मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री और न्यूनतम 21.1 डिग्री दर्ज किया गया था। इस तरह अधिकतम तापमान में जहां 2 डिग्री से अधिक की गिरावट आई है, वहीं न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हुई है।